Pakistani jugaad viral: इंटरनेट की दुनिया में पाकिस्तानी जुगाड़ का एक नया और बेहद अतरंगी वीडियो इन दिनों तेजी से पैर पसार रहा है। अमूमन लोग मोटरसाइकिल पर दो या बहुत हुआ तो तीन लोगों को बिठाकर चलते हैं, लेकिन इस भाईसाहब ने तो कार खरीदने का खर्चा ही बचा लिया।
वायरल क्लिप में देखा जा सकता है कि एक शख्स ने अपनी साधारण सी मोटरसाइकिल के पीछे लोहे या लकड़ी की एक पूरी चारपाई (खाट) को इस तरह फिक्स किया कि वह एक चलती-फिरती मिनी बस बन गई। इसके बाद वह अपने कुनबे को उसी चारपाई पर ठाट से बिठाकर सफर का लुत्फ उठाने निकल पड़ा।
सड़क पर जिसने भी देखा, वह देखता ही रह गया
वीडियो में साफ दिख रहा है कि शख्स मजे से हैंडल थामे बाइक दौड़ा रहा है, जबकि पीछे बंधी चारपाई पर महिलाएं और बच्चे ऐसे बैठे हैं जैसे वे अपने घर के आंगन में आराम कर रहे हों। बीच सड़क पर दौड़ते इस ‘फाइव सीटर’ अजूबे को देखकर आसपास से गुजर रहे राहगीर और गाड़ी सवार अपनी आंखों पर यकीन नहीं कर पा रहे थे।
इस पूरे नजारे को बाइक के ठीक पीछे चल रही एक कार में सवार शख्स ने अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर जमकर शेयर किया जा रहा है।
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस, किसी ने लिए मजे तो किसी ने दी चेतावनी
इस मजेदार वीडियो को इंस्टाग्राम पर @shahid.akram.566 नाम के यूजर ने पोस्ट किया है, जिसे अब तक लाखों व्यूज और हजारों लाइक्स मिल चुके हैं। वीडियो सामने आने के बाद कमेंट सेक्शन में यूजर्स की बाढ़ आ गई है। जहां एक धड़े को यह इंजीनियरिंग बेहद मजेदार लग रही है और वे कमेंट कर रहे हैं कि “जब ऐसा तगड़ा जुगाड़ हो, तो महंगी गाड़ियां खरीदने की क्या जरूरत है।
वहीं, कुछ लोगों ने इस पर गहरी चिंता भी जताई है। जागरूक यूजर्स का कहना है कि मनोरंजन और मजे के लिए यह वीडियो ठीक हो सकता है, लेकिन व्यस्त सड़क पर ऐसा खतरनाक स्टंट जानलेवा साबित हो सकता है। जरा सा भी संतुलन बिगड़ने पर पूरा परिवार किसी बड़े हादसे का शिकार हो सकता था।

