Haryana College Admission: हरियाणा के कॉलेजों में दाखिले की तारीख बढ़ी, अब 12 जुलाई तक करें आवेदन
यूजी एडमिशन के लिए 1.30 लाख रजिस्ट्रेशन, जानिए कब आएगी पहली मेरिट लिस्ट और ओपन काउंसलिंग की डेट
Haryana College Admission: हायर एजुकेशन की दहलीज पर खड़े छात्रों को उच्च शिक्षा विभाग ने एक और मौका दिया है। प्रदेश के तमाम राजकीय और एडिड (सहायता प्राप्त) कॉलेजों में स्नातक (UG) प्रथम वर्ष के दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि को आगे बढ़ा दिया गया है।
छात्र अब 12 जुलाई तक दाखिला पोर्टल पर जाकर अपना फॉर्म भर सकेंगे। विभाग के इस फैसले से उन सैकड़ों छात्रों को बड़ी राहत मिली है जो किसी वजह से या दस्तावेजों की कमी के कारण अब तक अपना रजिस्ट्रेशन नहीं करा पाए थे। आंकड़ों की मानें तो इस रेस में अब तक 1.30 लाख से ज्यादा विद्यार्थी अपना पंजीकरण करवाकर लाइन में लग चुके हैं।
दो मेरिट लिस्ट के बाद बची सीटों के लिए 23 जुलाई को ओपन काउंसलिंग
दाखिले के पूरे शेड्यूल को लेकर विभाग ने स्थिति साफ कर दी है। तय योजना के मुताबिक, पोर्टल बंद होने के बाद कट-ऑफ के आधार पर दो मुख्य मेरिट सूचियां जारी की जाएंगी।
इन दोनों सूचियों के तहत काउंसलिंग और फीस जमा करने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी यदि कॉलेजों में सीटें खाली बचती हैं, तो उन्हें भरने के लिए 23 जुलाई को ‘ओपन काउंसलिंग’ का दौर चलेगा। ओपन काउंसलिंग में छात्र सीधे कॉलेज स्तर पर जाकर सीटों के लिए दावेदारी ठोक सकेंगे।
सीटें खाली रहीं तो 24 जुलाई से दोबारा खुलेगा पोर्टल
उच्च शिक्षा विभाग इस बार इस कवायद में जुटा है कि कोई भी योग्य छात्र कॉलेज में एंट्री पाने से न चूके। अधिकारियों के मुताबिक, यदि 23 जुलाई की ओपन काउंसलिंग के बाद भी किसी कॉलेज या विशेष कोर्स में सीटें रिक्त रह जाती हैं, तो दाखिला पोर्टल को 24 जुलाई से एक बार फिर से लाइव कर दिया जाएगा। इस री-ओपनिंग का मकसद उन छात्रों को आखिरी मौका देना है जो शुरुआती दौर में शामिल नहीं हो पाए थे, ताकि उच्च शिक्षा के सत्र में हर खाली सीट को भरा जा सके।
यह भी पढ़ें– CM Nayab Saini Nuh: सीएम नायब सैनी ने नूंह को दिया ₹8.72 करोड़ का तोहफा
