July 2, 2026

Haryana Canal Breach: धान की रोपाई से ठीक पहले रोहतक में नहर टूटने से हाहाकार, खेतों में भरा कई फीट पानी

0
Haryana Canal Breach: धान की रोपाई से ठीक पहले रोहतक में नहर टूटने से हाहाकार, खेतों में भरा कई फीट पानी

धान की रोपाई से ठीक पहले रोहतक में नहर टूटने से हाहाकार, खेतों में भरा कई फीट पानी

Haryana Canal Breach: रोहतक के लाखन माजरा क्षेत्र में वीरवार की सुबह किसानों के लिए बड़ी आफत लेकर आई। यहां सुबह करीब 8 बजे भिवानी सब ब्रांच नहर अचानक टूट गई। नहर का किनारा कटते ही पानी पूरी रफ्तार से आस-पास के खेतों की तरफ मुड़ गया।

पानी के तेज बहाव को देखकर खेतों में काम कर रहे किसानों में अफरा-तफरी मच गई और उन्होंने तुरंत इस बात का शोर मचाकर बाकी ग्रामीणों को इकट्ठा किया। इस हादसे के कारण देखते ही देखते लगभग 200 एकड़ कृषि भूमि जलमग्न हो गई, जिससे अन्नदाताओं को भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है।

धान की रोपाई अटकी, ज्वार की फसल डूबने से किसान बेहाल

स्थानीय किसान प्रवीन ने बताया कि सुबह जब उन्होंने नहर को टूटते देखा, तो बिना वक्त गंवाए इसकी जानकारी सिंचाई विभाग के उच्चाधिकारियों को दी। प्रवीन के मुताबिक, इस समय किसान धान की रोपाई की तैयारियों और ज्वार की फसल को सहेजने में जुटे हुए थे। लेकिन खेतों में कई फीट पानी जमा हो जाने के कारण अब धान की रोपाई में काफी देरी हो जाएगी।

इसके साथ ही, पशुओं के चारे के लिए उगाई गई ज्वार की फसल के भी गलकर बर्बाद होने की पूरी आशंका बन गई है। इस बर्बादी को देख बेबस किसानों ने प्रशासन से तुरंत गिरदावरी करवाकर उचित मुआवजे की गुहार लगाई है।

बुलडोजर और कट्टों की मदद से दरार पाटने में जुटा सिंचाई विभाग

नहर टूटने के कुछ ही देर बाद सिंचाई विभाग की तकनीकी टीम अमले के साथ मौके पर पहुंच गई। विभाग ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फौरन राहत और बचाव कार्य का मोर्चा संभाला। पानी के इस भयंकर वेग को रोकने के लिए जेसीबी, बुलडोजर और मिट्टी से भरे कट्टों का सहारा लिया जा रहा है।

अधिकारियों का कहना है कि पहली प्राथमिकता नहर के बहाव को नियंत्रित कर दरार को जल्द से जल्द पाटना है, ताकि और अधिक खेतों को डूबने से बचाया जा सके। इसके बाद ही इस बात की समीक्षा की जाएगी कि नहर का किनारा कमजोर होने की वजह क्या थी।

यह भी पढ़ें– Haryana CET Group D: हरियाणा ग्रुप-डी भर्ती के लिए आवेदन का आज आखिरी दिन, 11 लाख से अधिक युवाओं में मची होड़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *