Faridabad News: फरीदाबाद में आगरा नहर में मिले युवक-युवती के शव, डेटा केबल से बंधे थे दोनों के हाथ
हत्या या आत्मघाती कदम? फरीदाबाद पुलिस खंगाल रही कार में मिले दो मोबाइल और हथौड़े का राज
Faridabad News: हरियाणा के फरीदाबाद में आगरा नहर के शाहपुर कलां घाट पर उस समय सनसनी फैल गई, जब पानी में तैरते हुए दो शवों को देखा गया। मृतकों की पहचान सेक्टर-31 निवासी 26 वर्षीय रजनी और 24 वर्षीय आकाश के रूप में हुई है।
शुरुआती तफ्तीश में जो बात सबसे ज्यादा चौंकाने वाली सामने आई है, वो यह कि दोनों के हाथ काले रंग की एक डेटा केबल से आपस में बंधे हुए थे। इसके साथ ही युवक के चेहरे पर गहरे जख्म के निशान हैं। 11 जुलाई की शाम को इन दोनों के नहर में कूदने की बात सामने आई थी, लेकिन शवों की हालत देखने के बाद पुलिस इसे सीधे तौर पर खुदकुशी मानने से कतरा रही है।
पति का आरोप- ‘हथौड़े से हमला कर पत्नी को नहर में फेंका’
इस दोहरे हत्याकांड या कथित खुदकुशी के मामले में अब दोनों ही परिवारों की तरफ से बेहद चौंकाने वाले दावे किए जा रहे हैं। मृतका रजनी के पति शिवम कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि उसकी शादी को करीब 7 साल हो चुके थे। रजनी एक मेकअप आर्टिस्ट थी और पिछले दो महीने से सेक्टर-31 के एक जिम में जा रही थी, जहां उसकी मुलाकात ड्राइवर का काम करने वाले आकाश से हुई।
शिवम का आरोप है कि आकाश पिछले कुछ दिनों से उसकी पत्नी को परेशान कर रहा था। 11 जुलाई को रजनी इसी बात का विरोध करने अपनी कार से निकली थी। पति का दावा है कि आकाश ने कार के भीतर रजनी के सिर पर हथौड़े से हमला किया और उसे मरणासन्न हालत में नहर में फेंककर खुद भी कूद गया।
गाड़ी में मिला खून से सना हथौड़ा, उलझी गुत्थी
घटनास्थल के पास ही पुलिस को रजनी की कार लावारिस हालत में खड़ी मिली थी। जब फॉरेंसिक टीम और पुलिस ने गाड़ी का दरवाजा खोला, तो भीतर का नजारा देखकर अधिकारी भी दंग रह गए।
कार की सीट के पास दो मोबाइल फोन के साथ एक भारी-भरकम हथौड़ा बरामद हुआ है, जो पूरी तरह खून से सना हुआ था। पुलिस इस बात की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है कि अगर दोनों ने आपसी सहमति से आत्मघाती कदम उठाया, तो कार के भीतर खून से सने इस हथियार का क्या काम था?
आकाश के परिवार ने लगाया ऑनर किलिंग का आरोप
दूसरी तरफ, मृतक आकाश के जीजा ने रजनी के परिवार के दावों को पूरी तरह खारिज करते हुए इसे सोची-समझी साजिश के तहत की गई हत्या करार दिया है।
आकाश के परिजनों का कहना है कि महिला ने ही फोन करके आकाश को मिलने के लिए बुलाया था। उनका आरोप है कि महिला, उसके पति और कुछ अन्य लोगों ने मिलकर पहले कार के भीतर आकाश के चेहरे और सिर पर हथौड़े से बेरहमी से वार किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद अपराध को आत्महत्या का रूप देने के लिए दोनों के हाथों को केबल से बांधकर शवों को आगरा नहर में बहा दिया गया।
बीपीटीपी थाना पुलिस को पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार
लव ट्रायंगल, मर्डर या सुसाइड के बीच झूल रही इस मिस्ट्री को सुलझाने के लिए फरीदाबाद की बीपीटीपी थाना पुलिस फूंक-फूंक कर कदम रख रही है।
जांच अधिकारी दीपक ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर बीके अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखवा दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवक के चेहरे पर दिखे निशान और कार में मिले हथौड़े के खून के सैंपल की जांच की जा रही है। असली सच डॉक्टरों के पैनल द्वारा की जाने वाली पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा कि नहर में फेंकने से पहले दोनों जिंदा थे या नहीं।
यह भी पढ़ें– Haryana Weather Update: हरियाणा के इन 9 जिलों में आज बारिश का अलर्ट, जानें आपके शहर में कैसा रहेगा मौसम
