July 14, 2026

Karnal News: करनाल में आबकारी विभाग फेल! मुख्य सड़क पर चल रहा था फर्जी शराब ठेका, पुलिस ने किया भंडाफोड़

0
Karnal News: करनाल में आबकारी विभाग फेल! मुख्य सड़क पर चल रहा था फर्जी शराब ठेका, पुलिस ने किया भंडाफोड़

करनाल में अवैध शराब के बड़े रैकेट का पर्दाफाश

Karnal News: करनाल। सीएम सिटी और आसपास के इलाकों में शराब माफिया के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसकी एक हैरान कर देने वाली बानगी करनाल जिले में देखने को मिली है। यहां कोहंड-असंध मुख्य मार्ग पर आबकारी विभाग की नाक के नीचे महीनों से एक अवैध शराब का ठेका खुलेआम चल रहा था। हैरान करने वाली बात यह है कि सड़क किनारे सरेआम हो रही शराब की इस अवैध बिक्री की भनक तक किसी जिम्मेदार महकमे को नहीं लगी। इस पूरे फर्जी खेल का पर्दाफाश सोमवार देर रात उस वक्त हुआ, जब मुनक थाना पुलिस ने एक गुप्त सूचना के आधार पर मौके पर छापेमारी की।

मुखबिर की सूचना पर देर रात पुलिस ने बोला धावा

जानकारी के मुताबिक, शराब तस्करों ने कोहंड-असंध रोड पर एक दुकान किराए पर लेकर उसे बकायदा वैध ठेके की तरह तैयार किया हुआ था और वहां से लंबे समय से अवैध शराब बेची जा रही थी। स्थानीय स्तर पर आबकारी अधिकारियों की सुस्ती का फायदा उठाकर माफिया बिना किसी डर के इस धंधे को चमका रहे थे। सोमवार रात मुनक थाना पुलिस को पुख्ता इनपुट मिला कि इस मार्ग पर बिना किसी परमिट और लाइसेंस के शराब का समानांतर कारोबार फैलाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए जाल बिछाया और दुकान पर अचानक धावा बोल दिया।

भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब और बीयर जब्त, एक गिरफ्तार

पुलिस की इस अचानक हुई कार्रवाई से मौके पर हड़कंप मच गया। तलाशी के दौरान पुलिस ने दुकान के भीतर से विभिन्न ब्रांड्स की अंग्रेजी शराब की दर्जनों बोतलें और बीयर का एक बड़ा जखीरा बरामद किया। पुलिस ने अवैध रूप से शराब बेच रहे एक कारिंदे को भी मौके पर ही धर दबोचा, जो ग्राहकों को शराब परोस रहा था। पुलिस ने बरामद की गई तमाम पेटियों और बोतलों को जब्त कर अपने कब्जे में ले लिया है।

आबकारी विभाग की भूमिका पर उठे सवाल

मामले की तफ्तीश में जुटे एएसआई राजीव ने बताया कि मुख्य सड़क पर पूरी तरह गैरकानूनी ढंग से दुकान खोलकर यह शराब बेची जा रही थी। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है और आबकारी विभाग (Excise Department) को इस पूरे मामले की लिखित जानकारी दे दी गई है।

इस घटना के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में आबकारी विभाग के प्रति भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि जो विभाग अवैध शराब की एक-एक बोतल पर नजर रखने का दावा करता है, उसे महीनों से सड़क किनारे चल रहा पूरा का पूरा ठेका दिखाई क्यों नहीं दिया? मुनक थाना पुलिस के मुताबिक, इस मामले में केस दर्ज कर आगे की गहन जांच शुरू कर दी गई है और इस रैकेट के पीछे छिपे मुख्य सरगनाओं की तलाश जारी है।

यह भी पढ़ें–यमुनानगर में पुलिस और इनामी बदमाशों के बीच मुठभेड़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed