Faridabad News: फरीदाबाद में मौत बनकर गिरा जर्जर छज्जा, सोहना टी-पॉइंट पर खड़े बिहार के दो मजदूरों की गई जान
बारिश से कमजोर हुई दुकान की छत ढही, मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचे पर नहीं बचे युवक
Faridabad News: औद्योगिक नगरी फरीदाबाद के बल्लभगढ़ इलाके से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। बुधवार की सुबह चावला कॉलोनी हाईवे के पास स्थित सोहना टी-पॉइंट पर उस समय चीख-पुकार मच गई, जब एक बंद पड़ी दुकान की कंक्रीट की छत (छज्जा) अचानक भरभराकर नीचे आ गिरी। हादसा सुबह करीब 10 बजे का बताया जा रहा है।
गनीमत यह थी कि दुकान का शटर गिरा हुआ था, जिससे अंदर कोई मौजूद नहीं था, लेकिन बाहर खड़े दो राहगीर इसकी सीधी चपेट में आ गए और भारी-भरकम मलबे के नीचे दब गए।
स्थानीय लोगों ने दिखाई मुस्तैदी, अस्पताल में तोड़ा दम
0धमाके की आवाज सुनते ही आसपास के दुकानदार और राहगीर तुरंत मौके की तरफ दौड़े। धूल का गुबार छंटते ही लोगों ने बिना वक्त गंवाए अपने हाथों से मलबा हटाना शुरू किया और नीचे दबे दोनों युवकों को बाहर निकाला।
आनन-फानन में पीसीआर और एम्बुलेंस की मदद से दोनों को नजदीकी अस्पताल के क्रेडेंशियल ट्रॉमा सेंटर भिजवाया गया। हालांकि, सिर और छाती में आई गंभीर चोटों के कारण डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद दोनों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
बिहार से आकर जीवन नगर में रह रहे थे दोनों युवक
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, यह दुकान अहिरवाड़ा के रहने वाले राहुल की है, जहां पेप्सी, चाय और रोजमर्रा का सामान बिकता था। पिछले तीन दिनों से यह दुकान किन्हीं कारणों से बंद चल रही थी।
हादसे का शिकार हुए युवकों की पहचान अमरजीत और संतोष के रूप में हुई है। ये दोनों मूल रूप से बिहार के रहने वाले थे और रोजी-रोटी की तलाश में बल्लभगढ़ आए थे। फिलहाल दोनों जीवन नगर इलाके में किराए का कमरा लेकर रह रहे थे और यहीं मजदूरी करते थे।
बारिश ने कमजोर की जर्जर दीवारें, जांच में जुटी पुलिस
मामले की सूचना मिलते ही शहर थाना प्रभारी उमेश कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। थाना प्रभारी ने बताया कि शुरुआती तफ्तीश और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों से साफ हुआ है कि हाल के दिनों में हुई लगातार बारिश के कारण पुराना ढांचा पूरी तरह सीलन खा चुका था।
जर्जर हो चुका छज्जा भारी दबाव नहीं झेल पाया और अचानक गिर गया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया है और उनके परिजनों को सूचित कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें– Hydrogen Train: 140 KM की रफ्तार और 2638 यात्रियों की क्षमता, जानें भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन की खूबियां
