Fazilka News: फाजिल्का में जीजा-साला की जोड़ी गिरफ्तार, 2.143 किलो हेरोइन बरामद, पुलिस तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी
फाजिल्का में जीजा-साला की जोड़ी गिरफ्तार
Fazilka News: सीमावर्ती जिला फाजिल्का में पंजाब पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जीजा-साला की जोड़ी को गिरफ्तार किया है। CIA स्टाफ की टीम ने काशी राम कॉलोनी के नजदीक दोनों आरोपियों को पकड़कर उनके कब्जे से 2 किलो 143 ग्राम हेरोइन बरामद की। पुलिस इस बरामदगी को नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की महत्वपूर्ण कार्रवाई मान रही है। एसएसपी गगन अजीत सिंह ने कहा कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मामले में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और पूरे नेटवर्क तक पहुंचने के लिए हर पहलू की जांच की जाएगी।
एसएसपी के अनुसार, फाजिल्का CIA स्टाफ को नशा तस्करी की सूचना मिली थी। इसके आधार पर टीम ने काशी राम कॉलोनी के नजदीक कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान स्वर्ण सिंह, पुत्र मिठन सिंह, निवासी बस्ती केसर सिंह, गुरुहरसहाय और गुरप्रीत सिंह, पुत्र लेखराज, निवासी आनंदपुर मोहल्ला, फाजिल्का के रूप में हुई है। दोनों रिश्ते में जीजा-साला बताए जा रहे हैं।
अब पुलिस खंगालेगी पूरी सप्लाई चेन
पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि आरोपियों तक इतनी बड़ी मात्रा में हेरोइन कैसे पहुंची। इसके लिए दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान उनसे पूछताछ कर यह पता लगाया जाएगा कि हेरोइन की खेप कहां से लाई गई थी, इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। पुलिस यह भी जांच करेगी कि क्या आरोपी किसी बड़े अंतरराज्यीय या सीमा पार संचालित नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े हुए हैं।
पंजाब पुलिस का कहना है कि राज्य में नशा तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से मिलने वाली जानकारी के आधार पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी और यदि नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नाम सामने आते हैं तो उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
