July 17, 2026

Bollywood News: आमिर खान ने तोड़ी चुप्पी, बोले- ‘3 इडियट्स’ सोनम वांगचुक पर आधारित नहीं

0
Bollywood News: आमिर खान ने तोड़ी चुप्पी, बोले- '3 इडियट्स' सोनम वांगचुक पर आधारित नहीं

आमिर खान ने तोड़ी चुप्पी

Bollywood News: अभिनेता आमिर खान ने फिल्म ‘3 इडियट्स’ में निभाए गए अपने चर्चित किरदार फुनसुख वांगडू (रैंचो) को लेकर लंबे समय से चली आ रही धारणा पर पहली बार स्पष्ट प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि यह कहना सही नहीं है कि फिल्म का यह किरदार सामाजिक कार्यकर्ता और शिक्षा सुधारक सोनम वांगचुक पर आधारित था। आमिर ने कहा कि फिल्म बनने के समय न तो उन्हें, न निर्देशक राजकुमार हिरानी और न ही लेखक अभिजात जोशी को सोनम वांगचुक के बारे में जानकारी थी। आमिर खान ने यह टिप्पणी लंदन इंडियन फिल्म फेस्टिवल में आयोजित एक सवाल-जवाब सत्र के दौरान की। वहां एक पत्रकार ने उनसे सोनम वांगचुक के विरोध प्रदर्शन और उनके साथ फिल्म के कथित संबंध को लेकर सवाल पूछा था। इस बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से साझा किया जा रहा है।

‘यह एक गलत धारणा है’

आमिर खान ने कहा कि फिल्म ‘3 इडियट्स’ बनाते समय पूरी टीम सोनम वांगचुक से परिचित नहीं थी। उन्होंने कहा कि यह धारणा सही नहीं है कि फिल्म का किरदार सीधे तौर पर वांगचुक पर आधारित था। आमिर ने कहा, “यह सही नहीं है। वास्तव में यह एक गलत धारणा है। जब हम ‘3 इडियट्स’ बना रहे थे, तब मुझे सोनम वांगचुक के बारे में जानकारी नहीं थी। न राजू (राजकुमार हिरानी), न लेखक अभिजात और न ही मैं उन्हें जानते थे।”

‘उनके काम का सम्मान करने के लिए फिल्म से जोड़ना जरूरी नहीं’

अभिनेता ने कहा कि सोनम वांगचुक समाज के लिए जो काम कर रहे हैं, वह अपने आप में सम्मान के योग्य है। उनके योगदान की सराहना करने के लिए यह जरूरी नहीं कि उन्हें फिल्म के किसी किरदार से जोड़ा जाए। आमिर के अनुसार, किसी व्यक्ति के काम का मूल्यांकन उसके वास्तविक योगदान के आधार पर होना चाहिए, न कि किसी फिल्मी किरदार से उसकी तुलना करके।

ओमी वैद्य के वीडियो के बाद फिर शुरू हुई चर्चा

यह मुद्दा उस समय फिर चर्चा में आया जब फिल्म में ‘चतुर’ का किरदार निभाने वाले अभिनेता ओमी वैद्य ने अपने एक्स अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया। उन्होंने दावा किया था कि फिल्म में आमिर खान का किरदार सोनम वांगचुक से प्रेरित था और लोगों से उनके अनशन तथा बिगड़ती सेहत की ओर ध्यान देने की अपील की थी। आमिर खान ने इस दावे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्होंने भी वह वीडियो देखा है, लेकिन यह दावा सही नहीं है।

सोनम वांगचुक के स्वास्थ्य को लेकर जताई चिंता

भले ही आमिर खान ने फिल्म और सोनम वांगचुक के बीच संबंध से इनकार किया, लेकिन उन्होंने वांगचुक के स्वास्थ्य को लेकर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि देशभर के लोग उनकी सेहत को लेकर चिंतित हैं। आमिर ने उम्मीद जताई कि स्थिति का सकारात्मक समाधान निकलेगा। उन्होंने सोनम वांगचुक से अनशन समाप्त करने और अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखने की अपील भी की।

यह भी पढ़ें; सोनाक्षी सिन्हा ने सोनम वांगचुक का किया समर्थन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed