Kaithal Illegal Liquor Raid: कैथल का शातिर शराब तस्कर, बेडरूम को ही बना डाला शराब का गोदाम, पुलिस ने ऐसे पकड़ा जुआड़ Kaithal Illegal Liquor Raid: कैथल का शातिर शराब तस्कर, बेडरूम को ही बना डाला शराब का गोदाम, पुलिस ने ऐसे पकड़ा जुआड़

Kaithal Illegal Liquor Raid: कैथल। हरियाणा के कैथल जिले में अवैध शराब का धंधा करने वाले एक तस्कर ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए ऐसा शातिर जुगाड़ भिड़ाया कि खुद पुलिसकर्मी भी दंग रह गए। आमतौर पर लोग अपने कीमती सामान या लॉकर को छिपाने के लिए खुफिया जगह तलाशते हैं, लेकिन यहां एक शख्स ने अपने बेडरूम के बेड के नीचे ही कच्ची शराब (लाहण) का पूरा का पूरा गोदाम तैयार कर डाला था। आरोपी ने कमरे के फर्श को गहरा खोदकर 500-500 लीटर की तीन बड़ी प्लास्टिक टंकियां जमीन में गाड़ रखी थीं। बाहर किसी को भनक न लगे, इसलिए टंकियों के ऊपर बकायदा सीमेंट और पक्की टाइल्स लगवाकर उसे सामान्य फर्श जैसा लुक दे दिया था।

खोखली आवाज ने खोल दी पोल, छैनी-हथौड़ा लेकर जुटी पुलिस

अवैध शराब की सूचना पाकर जब मंगलवार को कैथल सिटी थाना पुलिस की टीम आरोपी अमरीक उर्फ जोनी के घर रेड मारने पहुंची, तो शुरुआत में वहां कुछ भी संदिग्ध नजर नहीं आया। कमरे में आम दिनों की तरह बेड लगा हुआ था और फर्श पर टाइल्स चमक रही थीं। तलाशी के दौरान जब पुलिसकर्मियों ने बेड को हटाकर फर्श पर पैर पटके और उसकी जांच की, तो जमीन के अंदर से कुछ खोखलापन महसूस हुआ। शक गहराते ही पुलिस ने वक्त जाया न करते हुए खुद ही छैनी और हथौड़े का इंतजाम किया। पुलिसकर्मियों ने जब पक्की टाइल्स को तोड़ना शुरू किया, तो नीचे का नजारा देखकर सबकी आंखें फटी की फटी रह गईं।

400 लीटर लाहण बरामद, पुलिस ने मौके पर ही नष्ट किया सेटअप

फर्श के मलबे को हटाने पर जमीन के अंदर दबी हुई टंकियों के मुंह दिखाई दिए। इन तीनों टंकियों के भीतर पुलिस को करीब 400 लीटर तैयार लाहण बरामद हुई, जिसका इस्तेमाल देसी कच्ची शराब बनाने में होना था। सिटी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों टंकियों को जमीन से उखाड़कर मौके पर ही पूरी तरह नष्ट कर दिया और बरामद लाहण को बहा दिया गया। पुलिस ने इस बेहद शातिर दिमाग आरोपी अमरीक उर्फ जोनी को धर दबोचा है। उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम (एक्साइज एक्ट) के तहत मामला दर्ज कर यह पता लगाया जा रहा है कि वह कब से इस खुफिया तहखाने के जरिए शराब की तस्करी के खेल को अंजाम दे रहा था।

By Jagmarg