Noida Viral Video: ‘कार नहीं नाव लानी चाहिए थी’ नोएडा सेक्टर-18 में जलभराव पर महिला का वीडियो वायरल, शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर पर सवाल

'कार नहीं नाव लानी चाहिए थी' नोएडा सेक्टर-18 में जलभराव पर महिला का वीडियो वायरल, शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर पर सवाल
Noida Viral Video: मानसून की हर बारिश के साथ हाईटेक और सुनियोजित (प्लैनिंग) कहे जाने वाले शहरों के दावों की हवा निकलना कोई नई बात नहीं है। इस बार दिल्ली-एनसीआर के प्रमुख व्यावसायिक केंद्र नोएडा के सेक्टर-18 से एक ऐसा ही मामला सामने आया है, जिसने शहर के ड्रेनेज सिस्टम पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बारिश के बाद सेक्टर-18 की मुख्य सड़कों पर इतना पानी भर गया कि गाड़ियां डूबती हुई नजर आईं। इसी बीच कार में सवार एक महिला द्वारा बनाया गया तंजिया वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
‘वेनिस ऑफ नोएडा में आपका स्वागत है’: इंस्टाग्राम पर वायरल हुआ वीडियो
यह वीडियो इंस्टाग्राम यूजर वैष्णवी (@vaishgupta) ने अपने हैंडल पर साझा किया है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि सेक्टर-18 की सड़क किसी नदी जैसी नजर आ रही है और पास से गुजरते वाहन पानी उछालते हुए निकल रहे हैं। कार में बैठी वैष्णवी कहती हैं, “सेक्टर-18 की हालत देखिए, यहाँ सचमुच इतना पानी भरा है कि लगता है कार की जगह नाव लेकर आनी चाहिए थी। यही है तथाकथित ‘नियोजित और विकसित’ नोएडा का हाल।” महिला ने वीडियो के साथ कैप्शन लिखा, “क्या नोएडा भी अब गुड़गांव की राह पर चल पड़ा है?”
सोशल मीडिया यूजर्स ने जमकर कसे तंज
इस वीडियो के सामने आते ही नेटिजंस ने नोएडा प्राधिकरण और स्थानीय प्रशासन को आड़े हाथों लेना शुरू कर दिया। वीडियो पर कमेंट करते हुए एक यूजर ने लिखा, “वेनिस के नोएडा एडिशन में आपका स्वागत है!” वहीं दूसरे यूजर ने तंज कसते हुए कहा, “नियोजित शहर, लेकिन पूरी तरह अनियोजित जलभराव।” एक अन्य यूजर ने चुटकी लेते हुए लिखा कि अब प्रशासन को यहाँ आधिकारिक तौर पर बोट सर्विस शुरू कर देनी चाहिए।
हर मानसून में सामने आती है एक ही कहानी
View this post on Instagram
नोएडा को देश के सबसे व्यवस्थित शहरों में गिना जाता है, जहां चौड़ी सड़कें, बड़े-बड़े मॉल और बड़े आईटी पार्क हैं। लेकिन सेक्टर-18 जैसे व्यस्त व्यावसायिक इलाके में जरा सी बारिश के बाद सड़कों का जलमग्न हो जाना यह साफ दर्शाता है कि नालों की सफाई और ड्रेनेज प्रबंधन कागजों तक ही सीमित है। अतिक्रमण और ठप पड़े जल निकासी तंत्र के कारण हर साल आम जनता और व्यापारियों को इस तरह की फजीहत झेलनी पड़ती है।
यह भी पढ़ें– Tractor Viral Video: खिलौनों से खेलने की उम्र में चलाया ट्रैक्टर, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ नन्हे ड्राइवर का स्वैग
