Nuh News: नूंह में अधिवक्ता के घर हुई 20 लाख की चोरी का खुलासा, 11 लाख नकद और सोने की चेन संग 3 गिरफ्तार

नूंह में अधिवक्ता के घर हुई 20 लाख की चोरी का खुलासा, 11 लाख नकद और सोने की चेन संग 3 गिरफ्तार
Nuh News: नूंह शहर के पॉश इलाके में बीती 6 अगस्त को एक अधिवक्ता के मकान का ताला तोड़कर हुई लाखों रुपये की सनसनीखेज चोरी का नूंह थाना पुलिस ने सुलझाव कर लिया है। पुलिस ने मामले की गहनता से तफ्तीश करते हुए अंतरराज्यीय कनेक्शन वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए बदमाशों के पास से चोरी की गई राशि में से 11 लाख रुपये से अधिक की नकदी और चोरी के पैसों से ढलवाई गई एक सोने की चेन बरामद कर ली गई है।
अधिवक्ता के बंद मकान को बनाया था निशाना
मामला नूंह के वार्ड नंबर-10 (आर्य समाज मंदिर के पास) का है। स्थानीय अधिवक्ता पंकज गुप्ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि 6 अगस्त की रात अज्ञात चोरों ने उनके घर को निशाना बनाया। शातिर चोर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर भीतर दाखिल हुए और अलमारी में रखी करीब 20 लाख रुपये की नकदी, सोने-चांदी के जेवरात और अन्य कीमती सामान बटोरकर रफूचक्कर हो गए। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश शुरू की थी।
सीसीटीवी फुटेज और साइबर सेल ने खोला राज
वारदात की संवेदनशीलता को देखते हुए नूंह थाना प्रभारी कुलदीप सिंह की अगुवाई में एक विशेष तफ्तीशी टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारकी से मुआयना करने के साथ-साथ आसपास की गलियों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसी दौरान एक सीसीटीवी फुटेज में एक ही मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध युवक घर के पास रेकी करते और ताला तोड़कर भीतर जाते नजर आए। इसके बाद साइबर सेल ने सर्विलांस के आधार पर संदिग्धों की लोकेशन ट्रेस की।
एक के बाद एक चढ़े पुलिस के हत्थे
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने सबसे पहले 14 अगस्त को राजस्थान के अलवर जिले के बैरावास निवासी उमरदीन उर्फ कुक्कल को दबोचा। उसकी रिमांड के दौरान मिली जानकारी पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 15 अगस्त को सामोला निवासी अब्दुल्ला उर्फ अजरुद्दीन को और 16 अगस्त को शाहपुर नंगली से मुस्तकीम को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों के ठिकानों से कुल 11,08,500 रुपये की नकद धनराशि बरामद हुई। आरोपी अब्दुल्ला ने चोरी के पैसों से अपने लिए सोने की चेन बनवा ली थी, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। नूंह थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि तीनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है और चोरी की बाकी बची रकम व आभूषणों की बरामदगी के लिए छापेमारी जारी है।
यह भी पढ़ें– Haryana News: हरियाणा में मकान मरम्मत के लिए मिलेंगे 80 हजार रुपये, गुरु रविदास जयंती पर सरकार का बड़ा तोहफा
