August 13, 2026

Panchkula News: ऑस्ट्रेलिया में रह रहे बेटे का दोस्त बनकर आया ठग, 10 लाख के जेवर उड़ाए, उत्तराखंड से गिरफ्तार

0
Panchkula News: ऑस्ट्रेलिया में रह रहे बेटे का दोस्त बनकर आया ठग, 10 लाख के जेवर उड़ाए, उत्तराखंड से गिरफ्तार

ऑस्ट्रेलिया में रह रहे बेटे का दोस्त बनकर आया ठग, 10 लाख के जेवर उड़ाए, उत्तराखंड से गिरफ्तार

Panchkula News: विदेश में रह रहे बेटे की शादी का झांसा देकर एक बुजुर्ग महिला से लाखों रुपये के सोने के जेवर ठगने वाले शातिर बदमाश की चालाकी आखिरकार धर धरी रह गई। पंचकूला पुलिस की क्राइम ब्रांच-1 की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए चोरी की इस बड़ी वारदात को सुलझा लिया है। पुलिस ने आरोपी को उत्तराखंड के पहाड़ी इलाके टिहरी गढ़वाल से गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 10 लाख रुपये कीमत का सोना बरामद किया है। पकड़ा गया आरोपी कैथल का रहने वाला 40 वर्षीय राजेश कुमार उर्फ रिंकू है, जिसके खिलाफ पहले से भी कई मामले दर्ज हैं।

रसोई में गई महिला, पीछे से उड़ा दीं छह सोने की चूड़ियां

डीसीपी क्राइम एवं ट्रैफिक (आईपीएस) अमरिंदर सिंह ने घटना का ब्योरा देते हुए बताया कि सेक्टर-4 पंचकूला की रहने वाली एक महिला ने 6 अगस्त 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी। महिला के अनुसार, एक अज्ञात शख्स उनके घर पहुंचा और खुद को ऑस्ट्रेलिया में रह रहे उनके बेटे विकास का घनिष्ठ मित्र बताया। उसने कहा कि वह विकास की शादी के लिए सोने की चूड़ियों के डिजाइन देखना चाहता है। झांसे में आकर महिला ने अपनी छह सोने की चूड़ियां अलमारी से निकालीं। इसी बीच जैसे ही महिला पानी या चाय लेने रसोई में गई, आरोपी मौका पाकर अलमारी और स्टोर में रखीं सभी छह चूड़ियां लेकर नौ दो ग्यारह हो गया। सेक्टर-5 थाना पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305 और 318(4) के तहत एफआईआर दर्ज की थी।

कार जब्त, गलाकर बनाई सोने की डली भी बरामद

मामले की जांच में जुटी क्राइम ब्रांच-1 की टीम को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी उत्तराखंड में छिपा हुआ है। पुलिस ने 10 अगस्त को दबिश देकर राजेश को टिहरी गढ़वाल से दबोच लिया और वारदात में इस्तेमाल की गई उसकी वर्ना कार भी जब्त कर ली। इसके बाद कोर्ट से आरोपी का पुलिस रिमांड हासिल किया गया। रिमांड के दौरान पूछताछ में उसने चोरी की बात कबूल ली। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर तीन सोने की साबुत चूड़ियां और बाकी तीन चूड़ियों को पिघलाकर बनाई गई सोने की डली बरामद कर ली।

न्यायिक हिरासत में भेजा जेल, पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

जांच में सामने आया है कि आरोपी राजेश उर्फ रिंकू का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और उसके खिलाफ पहले भी ठगी व चोरी के कई मुकदमे दर्ज हैं। रिमांड अवधि खत्म होने के बाद पुलिस ने आरोपी को दोबारा अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

इस घटना के बाद पंचकूला पुलिस ने आम जनता, खासकर बुजुर्गों के लिए अलर्ट जारी किया है। पुलिस ने अपील की है कि विदेश या दूर शहर में रहने वाले रिश्तेदारों या बच्चों का दोस्त बताकर घर आने वाले किसी भी अनजान व्यक्ति पर आंख मूंदकर भरोसा न करें। ऐसे किसी भी शख्स को घर में दाखिल करने या जेवर-नकदी दिखाने से पहले अपने परिजनों से फोन पर पुष्टि जरूर कर लें।

यह भी पढ़ें– Haryana Railway: हरियाणा में रोहतक, भिवानी, नारनौल से होकर जाने वाली ट्रेनें रद्द, यात्रा से पहले देखें पूरी लिस्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *