Panipat News: पानीपत में मसाज सेंटर की आड़ में देह व्यापार, 17 साल की नाबालिग से दरिंदगी, 4 माह की गर्भवती मिली

पानीपत में मसाज सेंटर की आड़ में देह व्यापार, 17 साल की नाबालिग से दरिंदगी
Panipat News: हरियाणा के पानीपत जिले से इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। शहर के किला थाना क्षेत्र में मसाज सेंटर की आड़ में नाबालिग लड़कियों को बहला-फुसलाकर देह व्यापार के काले धंधे में धकेलने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। इस घिनौने चक्रव्यूह में फंसी 17 साल की एक नाबालिग बच्ची चार माह से अधिक की गर्भवती पाई गई है। पीड़िता के परिजनों की गुहार और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के कड़े रुख के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपियों समेत 5 लोगों के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मामले की जड़ें अक्टूबर 2025 से जुड़ी हैं, जब पीड़िता संदिग्ध परिस्थितियों में अपने घर से लापता हो गई थी। परिजनों ने अपने स्तर पर बच्ची की काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। जब परिजनों ने खुद मामले की तहकीकात आगे बढ़ाई, तो उनके होश उड़ गए। उन्हें पता चला कि उनकी मासूम बेटी एक ऐसे आपराधिक सिंडिकेट के चंगुल में है, जो मसाज पार्लर की आड़ में नाबालिगों का शारीरिक शोषण करवाता है।
तांत्रिक विद्या का खौफ और कानूनी शिकंजे से बचने का हथकंडा
पुलिस को सौंपी गई शिकायत में बेहद चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। आरोप है कि गिरोह की मुख्य सूत्रधार नेहा उर्फ कविता और उसका पति राजन कंसल भोली-भाली लड़कियों को तांत्रिक विद्या का डर दिखाकर और पैसों का लालच देकर अपने जाल में फंसाते थे। इसके बाद अन्य सहयोगियों के जरिए उन्हें अनैतिक धंधे में झोंक दिया जाता था। कानूनी कार्रवाई और पुलिस की छापेमारी से बचने के लिए यह गिरोह जानबूझकर नाबालिगों को निशाना बनाता था, ताकि डर के मारे कोई मुंह न खोल सके।
शिकायत के मुताबिक, नेहा और उसका पति लड़कियों को फांसकर लाते थे और फिर आगे मोहन लाल, शैंकी कुमार और इंडी नाम के सह-आरोपियों को सौंप देते थे। ये सभी मिलकर मसाज सेंटर के नाम पर सेक्शुअल रैकेट का संचालन कर रहे थे।
तबीयत बिगड़ने पर खुला राज, डीएसपी के दखल पर एफआईआर
लापता बच्ची की जब सुध-बुध मिली, तो उसकी बिगड़ती सेहत को देख परिजनों के पांव तले जमीन खिसक गई। मेडिकल जांच और परिस्थितियों से साफ हुआ कि पीड़िता 4 माह से अधिक की गर्भवती है। पीड़िता की मानसिक और शारीरिक हालत देखकर परिजनों ने सीधे पुलिस के आला अधिकारियों का दरवाजा खटखटाया। परिजनों का आरोप है कि शुरुआत में स्थानीय स्तर पर ढिलाई बरती जा रही थी, लेकिन डीएसपी के हस्तक्षेप करते ही पुलिस तंत्र हरकत में आया और तुरंत प्राथमिकी दर्ज की गई।
मामले की पुष्टि करते हुए किला थाना प्रभारी दीवान सिंह ने बताया कि पीड़िता की मां की शिकायत पर कार्रवाई की गई है। पुलिस ने नामजद पांचों आरोपियों—नेहा उर्फ कविता, राजन कंसल, मोहन लाल, शैंकी कुमार और इंडी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 99, 64(1), 144 और पोक्सो कानून की प्रासंगिक धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपियों की धरपकड़ और मसाज सेंटर के नेटवर्क को खंगालने में जुटी हैं।
यह भी पढ़ें- ब्रह्मसरोवर में स्नान के दौरान पानी में डूबा व्यक्ति,घाट पर मिले केवल कपड़े और जूते
