September 25, 2026

Punjab Weather Update : पंजाब में मानसून की विदाई से पहले बदला मौसम, आज से इन जिलों में बरसेंगे बादल

0
Punjab Weather Update : पंजाब में मानसून की विदाई से पहले बदला मौसम, आज से इन जिलों में बरसेंगे बादल

पंजाब में मानसून की विदाई से पहले बदला मौसम, आज से इन जिलों में बरसेंगे बादल

Punjab Weather Update : पंजाब से मानसून की औपचारिक विदाई में भले ही अब कुछ ही दिन बाकी हों, लेकिन अंतिम दौर में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। राज्य के करीब 90 फीसदी हिस्से से मानसून पहले ही रुखसत हो चुका है, लेकिन पिछले चार दिनों से इसकी गतिविधियां पंजाब और हिमाचल प्रदेश के सीमावर्ती इलाकों में आकर थम गई हैं।

भारतीय मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के ताजा नक्शों और आंकड़ों के मुताबिक, आज यानी शुक्रवार से लेकर अगले कुछ दिनों तक सूबे के कई हिस्सों में बादलों के मेहरबान होने के पूरे आसार हैं। हालांकि मौसम विभाग ने किसी भी तरह की भारी बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया है, लेकिन इन छिटपुट बौछारों से पिछले कई दिनों से परेशान कर रही उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत जरूर मिलेगी।

पंजाब में मौसम का रुख लगातार बदल रहा है। यूं तो राज्य के अधिकांश जिलों से मानसून जा चुका है, मगर हिमाचल प्रदेश के साथ लगते बॉर्डर के इलाकों में इसका प्रभाव अभी भी बरकरार है। चंडीगढ़ स्थित मौसम विज्ञान केंद्र की रिपोर्ट बताती है कि आज से आसमान में बादलों की आवाजाही बढ़ेगी और तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की जाएगी। पिछले कुछ दिनों से खिली तेज धूप और उमस के कारण लोग पसीने से तरबतर हो रहे थे, ऐसे में यह हल्की बारिश लोगों के लिए काफी सुकून भरी साबित होगी।

अमृतसर में बरसे बादल, फरीदकोट में सबसे ज्यादा गर्मी

बीते 24 घंटों की बात करें तो पंजाब के औसत अधिकतम तापमान में 0.6 डिग्री सेल्सियस की हल्की गिरावट आई है। सूबे में सबसे गर्म इलाका फरीदकोट रहा, जहां पारा 37.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके अलावा राजधानी चंडीगढ़ में 35.1 डिग्री, पटियाला में 34.0 डिग्री, लुधियाना में 34.2 डिग्री और बठिंडा में 35.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। दूसरी ओर, बादलों ने अमृतसर पर अपनी मेहरबानी दिखाई और वहां 14.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि बाकी बड़े हिस्से में मौसम सूखा ही रहा।

आज और कल इन जिलों में बारिश के आसार

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, आज शुक्रवार को राज्य के उत्तरी और उत्तर-पूर्वी छोर पर स्थित जिलों में बारिश दस्तक दे सकती है। पठानकोट, गुरदासपुर और होशियारपुर के कुछ चुनिंदा इलाकों (करीब 25% हिस्से) में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है, जबकि मध्य और दक्षिणी पंजाब में मौसम मुख्य रूप से साफ रहेगा। जैसे-जैसे शनिवार आगे बढ़ेगा, बारिश का दायरा थोड़ा और फैलेगा। कल अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, नवांशहर और रूपनगर के साथ-साथ फतेहगढ़ साहिब और पटियाला के कुछ हिस्सों में भी हल्के से मध्यम बादल बरस सकते हैं।

सोमवार तक ऐसा ही रहेगा मौसम का मिजाज

बादलों की यह लुकाछिपी का खेल आगामी सोमवार तक यूं ही जारी रहने की उम्मीद है। रविवार और सोमवार को भी पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, मोहाली, संगरूर और लुधियाना के कई इलाकों में हल्की बारिश देखने को मिल सकती है। हालांकि इसके विपरीत, पश्चिमी पंजाब के फाजिल्का, मुक्तसर, बठिंडा, फरीदकोट और मोगा जिलों में मौसम के पूरी तरह शुष्क बने रहने का अनुमान जताया गया है।

Punjab Monsoon Withdrawal : पंजाब-चंडीगढ़ में मानसून की विदाई, धूप दिखा रही असर

Click Here : पंजाब, मोहाली, चंडीगढ़ और आसपास के इलाकों की ताज़ा खबरों और अपडेट्स से जुड़े रहने के लिए आप हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन कर सकते हैं। ग्रुप में जुड़ने के लिए क्लिक करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed