Rewari : सड़क हादसे के बाद छोड़े गए कंटेनर की तलाशी में पंखों की आड़ में मिला अवैध शराब का जखीरा
Rewari : सड़क हादसे के बाद छोड़े गए कंटेनर की तलाशी में पंखों की आड़ में मिला अवैध शराब का जखीरा
Rewari : हरियाणा के रेवाड़ी जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर एक सड़क हादसे के बाद मौके पर छोड़े गए लावारिस कंटेनर की जब कसौला थाना पुलिस ने तलाशी ली, तो उसके अंदर से पंखों की आड़ में छिपाकर ले जाई जा रही अवैध अंग्रेजी शराब का भारी जखीरा बरामद हुआ।
कंटेनर के अंदर करीब एक हजार पंखे रखे हुए थे, जिनकी आड़ में अंग्रेजी शराब की 276 पेटियां (कुल 3,320 बोतलें) छिपाई गई थीं।
सड़क हादसे के बाद खुला राज
यह पूरा मामला तब सामने आया जब शुक्रवार सुबह दिल्ली-जयपुर हाईवे पर आशाही पुल के पास एक सड़क हादसा हुआ।
हाईवे किनारे खराब खड़े एक वाहन को ठीक कर रहे दिल्ली निवासी 55 वर्षीय मिस्त्री मनोज कुमार को पीछे से आए एक तेज रफ्तार कंटेनर ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे मिस्त्री की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि वाहन मालिक गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद आरोपी ड्राइवर अपने कंटेनर को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया था। पुलिस ने जब लावारिस मिले इस कंटेनर के केबिन और कागजातों की जांच की, तो उन्हें अंदर संदिग्ध हालात में शराब की पेटियां नजर आईं।
पंखों के पीछे छिपा रखी थीं शराब की पेटियां
पुलिस ने जब थाने लाकर कंटेनर की गहन तलाशी ली, तो पता चला कि शातिर तस्करों ने आगे की तरफ करीब एक हजार सीलिंग फैन (पंखे) सजा रखे थे और उनके ठीक पीछे शराब की पेटियां छिपाकर रखी गई थीं।
बरामद शराब में ऑल सीजन, रॉयल चैलेंज और रॉयल स्टैग जैसे कई महंगे अंग्रेजी ब्रांड शामिल हैं। जांच के दौरान इन शराब की पेटियों से जुड़ा कोई भी वैध दस्तावेज या बिल्टी नहीं मिली।
मेवात का रहने वाला है फरार ड्राइवर, गाजियाबाद से मुंबई जा रहा था वाहन
कसौला थाना प्रभारी सतीश कुमार ने जानकारी दी कि शुरुआती दस्तावेजों और बिल्टी के आधार पर पता चला है कि यह कंटेनर गाजियाबाद से मुंबई की तरफ जा रहा था। वाहन मालिक से जब पूछताछ की गई, तो उसने फरार ड्राइवर का नाम रिसाल बताया है, जो कि मेवात का रहने वाला है।
पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ तकनीकी सहायता से आरोपी ड्राइवर की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस ने अवैध शराब और कंटेनर को कब्जे में लेकर एक्साइज एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह भी देखें – रेवाड़ी के सरकारी स्कूलों में घट रहे छात्र, 5 साल में 12 हजार से अधिक बच्चों ने छोड़े स्कूल
