Rohtak News: रोहतक के किलोई में दुखद हादसा, टहलने निकले रिटायर्ड पुलिसकर्मी की कुएं में गिरने से मौत
रोहतक के किलोई में दुखद हादसा, टहलने निकले रिटायर्ड पुलिसकर्मी की कुएं में गिरने से मौत
Rohtak News: रोहतक जिले के ऐतिहासिक गांव किलोई में सोमवार देर रात एक दुखद हादसे ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। सेना और हरियाणा पुलिस में लंबे समय तक देश व राज्य की सेवा करने वाले 62 वर्षीय सेवानिवृत्त सिपाही दिलबाग सिंह की गांव के ही एक पुराने और सूखे कुएं में गिरने से मौत हो गई।
रोजमर्रा की भांति दिलबाग सिंह सोमवार रात का खाना खाने के बाद गांव में ही टहलने के लिए घर से बाहर निकले थे। अंधेरा होने और संतुलन बिगड़ने के कारण वह अचानक सड़क किनारे बने कुएं में जा गिरे। (Rohtak Kiloi Village Incident) काफी देर तक जब वह घर वापस नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, जिसके बाद हादसे का पता चला।
फौज के बाद पुलिस में दी सेवा, 2020 में गुरुग्राम से हुए थे रिटायर
मृतक के परिजनों ने बताया कि दिलबाग सिंह बेहद अनुशासनप्रिय और मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे। उन्होंने अपनी युवावस्था में भारतीय सेना में रहकर देश की रक्षा की। फौज से सेवानिवृत्ति मिलने के बाद उन्हें उनकी योग्यता के आधार पर हरियाणा पुलिस विभाग में सिपाही के पद पर नियुक्ति मिली थी।
साल 2020 में वह गुरुग्राम से अपनी अंतिम तैनाती पूरी कर सेवानिवृत्त हुए थे और तब से गांव किलोई में ही अपने परिवार के साथ शांत जीवन व्यतीत कर रहे थे। परिवार में उनका एक बेटा राहुल, जो फिलहाल एमएससी की पढ़ाई कर रहा है, और एक शादीशुदा बेटी मीनाक्षी हैं। इस अचानक हुए हादसे से हंसता-खेलता परिवार पूरी तरह बिखर गया है।
10 फीट गहरा था कुआं, पुलिस से पहले ग्रामीणों ने निकाला शव
स्थानीय निवासियों के अनुसार, यह कुआं गांव के बीचों-बीच स्थित है। एक समय में पूरा गांव इसी कुएं से पीने का पानी भरता था, लेकिन समय के साथ भूजल स्तर काफी नीचे चले जाने के कारण इसका इस्तेमाल बंद हो गया था। ग्रामीण धीरे-धीरे इसमें मिट्टी डालकर इसे बंद करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन फिर भी इसकी गहराई करीब 10 से 11 फीट बनी हुई थी।
हादसे की सूचना मिलते ही गांव के तीन साहसी युवक रस्सी के सहारे कुएं में उतरे और दिलबाग सिंह को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस से पहले ही ग्रामीणों ने शव को बाहर निकाल लिया था।
पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंपा
मामले की जांच कर रहे सदर थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि प्राथमिक जांच में यह पूरी तरह से एक दुर्घटना का मामला लग रहा है। मृतक के शव का रोहतक पीजीआई (PGIMS) में पोस्टमार्टम कराने के बाद अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है।
इस दुखद घटना के बाद से ही किलोई गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। एक पूर्व सैनिक और (Sadar Thana Rohtak) पुलिसकर्मी की इस तरह अचानक हुई दुखद मौत से हर कोई गमगीन है।
यह भी पढ़ें– फरीदाबाद में सड़क पर बेकाबू हुआ लोगों का गुस्सा, हॉर्न बजाने पर कैब चालक की पीट-पीटकर बनाई हालत खराब
