Sarai Amanat Khan Heroin Recovery : भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तैनात सुरक्षा बलों ने नशा तस्करों के मंसूबों पर एक बार फिर पानी फेर दिया है। तरनतारन जिले के पट्टी उपमंडल के अधीन आते सराय अमानत खां इलाके में पुलिस और BSF ने संयुक्त तलाशी अभियान चलाकर 513 ग्राम हेरोइन का पैकेट बरामद किया। यह खेप सीमा पार पाकिस्तान में बैठे तस्करों द्वारा ड्रोन के माध्यम से भारतीय क्षेत्र में गिराई गई थी।
पाकिस्तानी ड्रोन ने रात में गिराया था पैकेट
सराय अमानत खां थाना प्रभारी राज कुमार ने बताया कि BSF कंपनी कमांडर विजय कुमार से सीमा पार से संदिग्ध ड्रोन की आवाजाही और खेतों में पैकेट गिरने की सटीक सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही सुरक्षा बलों की टीम ने तुरंत गांव हवेलियां के खेतों की घेराबंदी की। गहन तलाशी के दौरान जवानों को एक पैकेट मिला, जिसकी जांच करने पर उसमें से 513 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
सराय अमानत खां थाने में मामला दर्ज
BSF ने बरामद नशीला पदार्थ और अन्य साक्ष्य आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए सराय अमानत खां पुलिस के सुपुर्द कर दिए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अज्ञात तस्करों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21-सी, 25, 26 और 29 के तहत मामला नंबर 118 दर्ज कर लिया है।
लोकल तस्करों के नेटवर्क की जांच तेज
जांच अधिकारी एसआई राज कुमार के अनुसार पुलिस अब इस बात की गहराई से पड़ताल कर रही है कि सीमा पार से भेजी गई इस हेरोइन की डिलीवरी पंजाब में किस तस्कर को मिलनी थी। पुलिस सीमावर्ती इलाके में सक्रिय तस्करों के रिकॉर्ड खंगाल रही है और मोबाइल सर्विलांस की मदद ली जा रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही इस तस्करी से जुड़े स्थानीय मोहरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Mad Sandhu Murder Case Arrest : मैड संधू हत्याकांड में अहमदाबाद से पकड़ा गया शूटर काका

