Festive Fashion Hacks: त्योहारों पर नहीं होगी ‘क्या पहनूं’ की टेंशन! अपनाएं ये 5 आसान फैशन हैक्स
त्योहारों पर नहीं होगी 'क्या पहनूं' की टेंशन! अपनाएं ये 5 आसान फैशन हैक्स
Festive Fashion Hacks: त्योहारों की आहट के साथ ही हर किसी का दिल कुछ नया खरीदने और खुद को सबसे अलग अंदाज में सजाने का करने लगता है। लेकिन बाजार का रुख करने और भारी-भरकम शॉपिंग बिल बनाने से पहले जरा ठहरिए। अपनी अलमारी को खोलकर एक बार गौर से देखिए—बहुत मुमकिन है कि जिस परफेक्ट फेस्टिव लुक की तलाश में आप बाजार के चक्कर काटने की सोच रही हैं, उसका राज आपकी ही अलमारी के किसी कोने में छिपा हो। थोड़ी सी समझदारी, मिक्स एंड मैच का हुनर और सही प्लानिंग से आप पुराने कपड़ों में भी एक बिल्कुल नया और एलिगेंट लुक पा सकती हैं।
अक्सर अलमारी कपड़ों से ठसाठस भरी होती है, फिर भी ऐन मौके पर यही समझ नहीं आता कि क्या पहना जाए। कभी कुर्ते की मैचिंग पैंट नहीं मिलती, तो कभी साड़ी का ब्लाउज अनफिट निकलता है। इस परेशानी से बचने का सबसे बेहतरीन तरीका है कि त्योहारों की भागदौड़ शुरू होने से पहले ही अपने वार्डरोब को नए सिरे से री-ऑर्गेनाइज कर लिया जाए।
1. फेस्टिव कपड़ों की करें छंटाई और फिटिंग टेस्ट
सबसे पहले अपनी अलमारी से वे तमाम साड़ियां, सूट, कुर्ते, दुपट्टे और इंडो-वेस्टर्न ड्रेसेस बाहर निकालें जिन्हें आप पूजा, ऑफिस पार्टी या पारिवारिक दावतों में पहनना चाहती हैं। कपड़ों को केवल अलमारी से निकालकर सामने रखने से काम नहीं चलेगा, बल्कि उन्हें एक बार पहनकर देखना भी बेहद जरूरी है।
अक्सर कपड़ों का रंग और फैब्रिक तो ठीक रहता है, लेकिन आस्तीन में खिंचाव या पैंट की ढीली फिटिंग ऐन वक्त पर आपका मूड खराब कर सकती है। कपड़े पहनकर थोड़ा चलें-फिरें और बैठ कर देखें, क्योंकि त्योहारों के दिन केवल फोटो खिंचवाना ही काम नहीं होता, बल्कि पूजा-पाठ से लेकर मेहमाननवाजी तक में आराम (कमफर्ट) का होना बेहद जरूरी है। जिन कपड़ों में अल्टरेशन की जरूरत हो, उन्हें तुरंत अलग कर लें।
2. मिक्स एंड मैच और ‘रेडी-टू-वेयर’ सेट तैयार करें
हर बार वही पुराना सेट पहनने के बजाय थोड़ा प्रयोग करें। एक सादे कॉटन या सिल्क कुर्ते को भारी बनारसी या चंदेरी दुपट्टे के साथ पेयर करके देखें। इसी तरह, किसी एक साड़ी के साथ किसी दूसरी ड्रेस का हैवी ब्लाउज पहनकर एक नया फ्यूजन लुक तैयार किया जा सकता है। जो कॉम्बिनेशन देखने में परफेक्ट लगे, उसकी अपने फोन में एक फोटो खींच लें। यह छोटी सी तैयारी आपको आखिरी वक्त के असमंजस और तनाव से बचाएगी।
इसके साथ ही, जिस कुर्ते को चुन रही हैं, उसके साथ की पैंट, दुपट्टा और इनर वेयर को एक साथ हैंगर में टांग दें। अगर साड़ी पहननी है, तो पेटीकोट, ब्लाउज और मैचिंग सेफ्टी पिंस तक को एक साथ संभाल कर रखें। सिलाई, जिप ठीक कराने या ड्राई क्लीनिंग वाले कपड़ों को वक्त रहते दर्जी और लॉन्ड्री तक पहुंचा दें।
3. समझदारी से बनाएं शॉपिंग लिस्ट, बजट का रखें ध्यान
जब आपको अपनी अलमारी का पूरा बहीखाता पता चल जाएगा, तब शॉपिंग पर जाना काफी आसान और किफायती हो जाएगा। बाजार निकलने से पहले अपनी लिस्ट में यह साफ-साफ लिखें कि आपको असल में क्या चाहिए—जैसे ‘एक नया सूट’ लिखने के बजाय ‘रेड साड़ी के लिए गोल्डन ब्लाउज’ या ‘ऑफ-व्हाइट पैंट’ लिखें।
दुकान पर कोई भी कपड़ा पसंद आने पर खुद से यह सवाल जरूर पूछें कि इसे किस मौके पर पहना जाएगा और क्या इसके साथ की बाकी चीजें आपके पास पहले से मौजूद हैं? अगर जवाब हां में मिले, तभी उसे खरीदें। इस आसान तकनीक से न केवल आपका बजट कंट्रोल में रहेगा, बल्कि आपकी अलमारी फालतू कपड़ों के अंबार से भी बच जाएगी।
यह भी पढ़ें– बालकनी में गेंदे के पौधे से चाहिए ढेरों फूल? अपनाएं ये 5 आसान गार्डनिंग सीक्रेट्स
