September 24, 2026

Aap Punjab Election Campaign 2027 : आम आदमी पार्टी ने 2027 चुनावों के लिए कसी कमर, पट्टी के गांव चूसलेवड़ से फूंक दिया चुनावी बिगुल

0
Aap Punjab Election Campaign 2027 : आम आदमी पार्टी ने 2027 चुनावों के लिए कसी कमर, पट्टी के गांव चूसलेवड़ से फूंक दिया चुनावी बिगुल

आम आदमी पार्टी ने 2027 चुनावों के लिए कसी कमर, पट्टी के गांव चूसलेवड़ से फूंक दिया चुनावी बिगुल

Aap Punjab Election Campaign 2027 :  पंजाब की राजनीति में अगले विधानसभा चुनावों की सरगर्मी अभी से तेज होने लगी है। आम आदमी पार्टी ने सत्ता के सफर को आगे बढ़ाते हुए वर्ष 2027 के चुनावों के लिए अपनी चुनावी बिसात बिछानी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में बुधवार को हलका पट्टी के ऐतिहासिक गांव चूसलेवड़ से ‘आप’ ने अपने चुनाव अभियान का विधिवत शंखनाद कर दिया।

पार्टी की इस खास रणनीति के तहत ‘डोर-टू-डोर’ संपर्क अभियान की शुरुआत की गई, जिसकी कमान खुद हलका इंचार्ज जस्सा पट्टी ने संभाल रखी है।

गांव की गलियों में उतरे जस्सा पट्टी ने घर-घर जाकर आम नागरिकों से मुलाकात की और उनके साथ सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने पंजाब की मौजूदा भगवंत मान सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जनहितैषी और लोक कल्याणकारी योजनाओं का कच्चा-चिट्ठा लोगों के सामने रखा।

सरकार के कामों की जानकारी देते हुए उन्होंने ग्रामीणों को प्रेरित किया कि वे इन योजनाओं का ज्यादा से ज्यादा लाभ उठाएं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि चुनाव से काफी पहले इस तरह का जनसंपर्क अभियान पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करने में अहम साबित हो सकता है।

जनता की समस्याएं सुनना और संवाद स्थापित करना मुख्य मकसद

इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए जस्सा पट्टी ने स्पष्ट किया कि इस अभियान का प्राथमिक उद्देश्य कागजी दावों से इतर जमीन पर उतरकर लोगों की व्यक्तिगत समस्याएं सुनना और उनके सुझावों को तरजीह देना है। सरकार की कल्याणकारी नीतियों को हर एक परिवार तक पहुंचाना इस मुहिम का मुख्य केंद्र बिंदु है।

स्थानीय लोगों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए अपनी उम्मीदें और जरूरतें खुलकर साझा कीं। गांव के सरपंच राजबीर सिंह ने इस मौके पर विभिन्न स्थानीय मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की और पार्टी नेताओं के साथ अपने विचार साझा किए।

इस चुनावी आगाज के मौके पर गांव चूसलेवड़ में बड़ा राजनीतिक जमावड़ा देखने को मिला। इस दौरान सरपंच राजबीर सिंह के अलावा सतनाम सिंह सभरा, अवतार सिंह सभरा, सकत्तर सिंह, हरजिंदर सिंह, बलजिंदर सिंह, जगदीश सिंह, अश्वनी तूत, जग रूप सिंह, हरजीत सिंह और हिमंत सिंह सहित कई प्रमुख नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Tarn taran Accident : तरन तारन बाईपास पर टिप्पर की टक्कर से बाइक सवार की मौत

Click Here : पंजाब, मोहाली, चंडीगढ़ और आसपास के इलाकों की ताज़ा खबरों और अपडेट्स से जुड़े रहने के लिए आप हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन कर सकते हैं। ग्रुप में जुड़ने के लिए क्लिक करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed