गांव गिदडांवाली में पशु चिकित्सक की तेजधार हथियारों से निर्मम हत्या: एसडीएम की खाली पड़ी कोठी में मिला शव
घटना की जांच करती पंजाब पुलिस की टीम
Abohar Crime News: उपमंडल के गांव गिदडांवाली में बीती रात अज्ञात लोगों ने गांव के ही निवासी करीब 29 वर्षीय पशु चिकित्सक की तेजधार हथियारों से निर्मम हत्या कर दी। रविवार सुबह उसका शव गांव के ही एक सरकारी अधिकारी की खेत में बनी कोठी में से बरामद हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी अमनदीप सिंह थाना खुईयां सरवर पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल शुरू कर दी। काफी देर तक मौके के साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।
इस बारे में जानकारी देते हुए गांव के सरपंच देसराज ने बताया कि गांव के निवासी जगजीत सिंह वर्तमान में पटियाला क्षेत्र में एसडीएम तैनात हैं और उन्होंने अपनी जमीन हिस्से पर दी हुई है। उनकी जमीन में ही एक मकान बना हुआ है जिसकी देखरेख भी खेती करने वाले लोग ही करते हैं। उन्होंने बताया कि आज सुबह उन्हीं लोगों के माध्यम से उन्हें सूचना मिली कि एसडीएम की खाली पड़ी कोठी में किसी युवक का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे और थाना खुईयां सरवर पुलिस को सूचित किया। सरपंच देसराज ने बताया कि अज्ञात हत्यारों ने युवक का मुंह व सिर इतनी बुरी तरह से कुचला कि उसकी पहचान होना भी मुश्किल था। काफी देर बाद मृतक के पास पड़े उसके मोबाईल से उसकी पहचान अमनदीप सिंह के रूप में हुई और उसके परिजनों को सूचित किया गया।
इधर सूचना मिलते ही डीएसपी अमनदीप सिंह और एसएचओ परमजीत सिंह मौके पर पहुंचे तथा मामले की गंभीरता से जांच पड़ताल की। मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। सरपंच देसराज ने बताया कि मृतक दो भाईयों व एक बहन में सबसे बड़ा था और पशु चिकित्सक का कार्य करता था। उन्होंने बताया कि घटना स्थल से बिना डंडे वाली कुल्हाड़ी बरामद हुई है। जबकि उसके शरीर में तेजधार और नुकीले दोनों प्रकार के हथियारों के निशान हैं। पुलिस ने परिजनों के ब्यान पर आगे की कार्रवाही शुरू कर दी है।
