Abohar murder : अबोहर में सिर पर वार कर मजदूर की हत्या, सड़क किनारे मिला शव
अबोहर में सिर पर वार कर मजदूर की हत्या, सड़क किनारे मिला शव
Abohar murder : अबोहर के कंधवाला रोड पर शनिवार की सुबह एक दर्दनाक वारदात से सहम उठी। ढाणी विशेषरनाथ इलाके में एक मजदूर की सिर पर गंभीर प्रहार कर हत्या कर दी गई और उसके शव को एक दुकान के बाहर थड़े पर लाकर रख दिया गया। सुबह की सैर पर निकले लोगों ने जब खून से लथपथ शव को देखा, तो तुरंत परिजनों और पुलिस को इसकी इत्तला दी। इस खौफनाक वारदात के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैली हुई है और हर कोई स्तब्ध है।
बागों में मजदूरी करता था मृतक सोनू
करीब 42 वर्षीय मृतक सोनू पुत्र राम सिंह शाक्य मूल रूप से उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के बिधूना तहसील स्थित कुरुपुरा गांव का रहने वाला था। वह यहां अबोहर में बागों में कटाई और मजदूरी का काम करता था। परिजनों के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से शराब पीने की लत के चलते वह अक्सर रात को घर नहीं लौटता था और बाईपास पर बस स्टॉप या दुकानों के आगे ही सो जाया करता था। शुक्रवार की रात भी वह घर नहीं आया था, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि उसकी इस तरह बेरहमी से जान ले ली जाएगी।
सिर पर मिले गहरे घाव, पुलिस और फोरेंसिक टीम सक्रिय
घटना की सूचना मिलते ही गांव की महिला सरपंच के पति हरीश कुमार मौके पर पहुंचे और थाना नंबर 2 की पुलिस को अवगत कराया। डीएसपी हरीश कुमार और थाना प्रभारी रविंद्र सिंह भट्टी भारी पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच में मृतक के सिर पर गहरे घाव और चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे साफ है कि यह सुनियोजित तरीके से की गई हत्या है। मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से खून के नमूने और अन्य जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं।
परिवार का इकलौता सहारा छिना, चार बेटियां हैं अविवाहित
इस हृदयविदारक घटना के बाद से मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है। सोनू अपने पीछे अपनी पत्नी सुनीता और चार अविवाहित बेटियों को छोड़ गया है, जिनमें से एक बेटी मूकबधिर है। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मृतक की पत्नी सुनीता के बयानों और फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात हत्यारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही इस अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझा लिया जाएगा।
Punjab Weather Update : पंजाब में गर्मी का प्रकोप जारी, फरीदकोट में पारा 38 डिग्री के पार
