Bhiwani Mandi News: हरियाणा के भिवानी जिले की अनाज मंडी में इन दिनों अपनी गाढ़ी कमाई की उपज बेचने आ रहे बाजरा उत्पादक किसानों की फजीहत खत्म होने का नाम नहीं ले रही है।
सोमवार को मंडी खुलते ही बाजरे से लदी ट्रैक्टर-ट्रालियों का ऐसा तांता लगा (Bhiwani mandi gatepass line) कि देखते ही देखते अनाज मंडी के मुख्य द्वार से लेकर विश्वकर्मा चौक और चारा मंडी के गेट तक करीब आधा किलोमीटर लंबी लाइन लग गई। अलसुबह से पहुंचे किसानों को एक-एक गेटपास कटवाने के लिए कड़कड़ाती धूप और जाम के बीच दो से तीन घंटे तक कतारों में रेंगना पड़ रहा है, जिससे किसान बेहद आक्रोशित और परेशान नजर आ रहे हैं।
कम पैदावार के बाद अब बिक्री की मार, किसानों ने प्रक्रिया सुलभ बनाने की उठाई मांग
मंडी में अपनी फसल (Bajra sale Bhiwani Haryana) लेकर पहुंचे गांव गोरीपुर निवासी महिपाल, कोहाड़ के सुनील और पालुवास निवासी सुखबीर ने अपना दर्द बयां करते हुए बताया कि वे सुबह-तड़के ही बाजरा लेकर मंडी पहुंच गए थे। हालांकि, दो से तीन घंटे कतार में गुजारने के बाद भी उनका नंबर मुश्किल से आ पा रहा है।
किसानों का कहना है कि एक तरफ तो इस सीजन में बारिश और मौसम की मार के कारण बाजरे की पैदावार पहले ही काफी कम हुई है, ऊपर से अब मंडी में अपनी ही फसल बेचने के लिए इस तरह की दुश्वारियां झेलनी पड़ रही हैं। उन्होंने मंडी प्रशासन से मांग की है कि गेटपास और कूपन काटने की व्यवस्था में काउंटरों की संख्या बढ़ाकर प्रक्रिया को तुरंत तेज किया जाए।
प्राइवेट खरीद के भरोसे किसान, मंडी प्रशासन ने दी सफाई
अनाज मंडी आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान नरेश बंसल (भुरू) ने बताया कि मंडी में अभी तक सरकारी एजेंसी द्वारा बाजरे की खरीद शुरू नहीं की गई है, जिसके चलते निजी व्यापारी ही बाजरे की खरीदारी कर रहे हैं। आढ़ती एसोसिएशन की कोशिश है कि जो भी किसान मंडी में प्रवेश कर रहे हैं, उन्हें उचित और जायज दाम दिलवाए जाएं।
दूसरी ओर, भिवानी अनाज मंडी के सुपरवाइजर अनिल कुमार ने सफाई देते हुए कहा कि किसानों के गेटपास काटने के साथ-साथ उनका बायोमेट्रिक सत्यापन (Haryana mandi bajra) भी किया जा रहा है, जिसमें थोड़ा समय लगना स्वाभाविक है। उन्होंने बताया कि व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए 10 से ज्यादा कर्मचारियों को तैनात किया गया है ताकि किसी भी किसान को गैर-जरूरी परेशानी न उठानी पड़े।
यह भी पढ़ें–Faridabad News: पल्ला इलाके में चलती ब्रेजा कार में लगी भीषण आग, ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान

