Bhiwani News: भिवानी में रंगदारी मांगने वाले बड़े गिरोह का पर्दाफाश, विदेश में बैठे गैंगस्टरों को नंबर भेजने वाले 2 गुर्गे गिरफ्तार

भिवानी में रंगदारी मांगने वाले बड़े गिरोह का पर्दाफाश, विदेश में बैठे गैंगस्टरों को नंबर भेजने वाले 2 गुर्गे गिरफ्तार
Bhiwani News: भिवानी जिले में व्यापारियों और उद्योगपतियों को निशाना बनाने वाले एक अंतरराज्यीय व अंतरराष्ट्रीय आपराधिक सिंडिकेट को सीआईए-3 और सीआईए-2 की मुस्तैदी ने समय रहते ध्वस्त कर दिया है। पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार के निर्देशों पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सीआईए स्टाफ-2 की टीम ने क्षेत्र में दहशत फैला रहे दो शातिर गुर्गों को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपी न केवल स्थानीय स्तर पर कारोबारियों पर नजर रखते थे, बल्कि उनका बैकग्राउंड डेटा विदेश में पनाह लिए भगोड़े गैंगस्टरों तक पहुंचाते थे।
बाईपास पर बिछाया जाल, कड़ियां जोड़ते हुए चरखी दादरी से दूसरी गिरफ्तारी
मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए डीएसपी क्राइम अनूप कुमार ने पत्रकार वार्ता में बताया कि एएसआई सुभाष के नेतृत्व में सीआईए-2 की टीम दिनोद गेट चौक पर गश्त पर थी। इसी दौरान मिली एक सटीक गुप्त सूचना के आधार पर उमरावत बाईपास रोड पुल के पास दबिश देकर प्रीतम उर्फ कालिया को घेराबंदी कर पकड़ा गया। इसके बाद प्रीतम से कड़ाई से की गई पूछताछ में मिली कड़ियों के आधार पर पुलिस ने चरखी दादरी के बतर खेड़ी में दूसरी छापेमारी की और वहां से सह-आरोपी अमित को गिरफ्तार कर लिया।
जेल से छूटकर दोबारा बनाया जाल, ऐसे काम करता था नेटवर्क
पुलिस जांच में आरोपियों के काम करने के तरीके को लेकर कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। आरोपी प्रीतम उर्फ कालिया पांच महीने पहले ही जेल से जमानत पर बाहर आया था। उस पर रोहतक और राजस्थान में संगीन धाराओं तथा आर्म्स एक्ट के कई मुकदमे दर्ज हैं। जेल से बाहर आते ही वह फिर से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय हो गया था। प्रीतम का काम रंगदारी न देने वाले व्यापारियों को डराने-धमकाने और उनके ठिकानों पर फायरिंग की योजना बनाना था। वहीं दूसरा आरोपी अमित स्थानीय व्यापारियों के नाम, उनके काम का दायरा और मोबाइल नंबर विदेश में बैठे गैंगस्टरों को मुहैया कराता था, जिसके दम पर विदेश से इंटरनेट कॉल्स के जरिए लाखों की रंगदारी मांगी जाती थी।
रिमांड पर आरोपी, पुलिस खंगाल रही विदेशी आकाओं की कुंडली
डीएसपी अनूप कुमार ने साफ किया कि भिवानी में किसी भी सूरत में गैंगस्टरों और उनके मददगारों का नेटवर्क पनपने नहीं दिया जाएगा। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इनके तार विदेश में बैठे किन-किन मुख्य गैंगस्टरों से सीधे जुड़े हुए हैं और इन्होंने अब तक भिवानी व आसपास के किन-किन कारोबारियों की जानकारी लीक की थी। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस गिरोह से जुड़े कुछ और स्थानीय चेहरों पर भी शिकंजा कसा जाएगा।
यह भी पढ़ें– Haryana Ration Card: हरियाणा में 2 लाख राशन कार्ड ब्लॉक! अगर डिपो से नहीं उठाया राशन तो तुरंत करा लें ये काम
