Bhojpuri Bawal: ओटीटी प्लेटफॉर्म जियो हॉटस्टार पर प्रसारित हो रहा रियलिटी शो ‘भोजपुरी बवाल’ इन दिनों इंडस्ट्री के अंदरूनी समीकरणों और सितारों की कड़वी सच्चाइयों को लेकर जबरदस्त सुर्खियों में है। शो में भोजपुरी सिनेमा के दिग्गज कलाकार एक मंच पर आकर अपनी जिंदगी और करियर से जुड़े कई अनसुने पन्नों को पलट रहे हैं। आम्रपाली दुबे से तीखी बहस के बाद अब मशहूर अभिनेत्री काजल राघवानी ने पावरस्टार पवन सिंह को निशाने पर लिया है।
हाल ही में रिलीज हुए शो के नए प्रोमो में काजल ने फिल्म के सेट पर घटे एक वाकये का जिक्र करते हुए पवन सिंह पर काम के दौरान गैर-पेशेवर रवैया अपनाने का आरोप लगाया है।
‘किसिंग सीन से इनकार किया तो सेट छोड़कर चले गए पवन सिंह’
सामने आए प्रोमो में काजल राघवानी अपने साथी कलाकारों के सामने पवन सिंह के साथ रिश्तों में आई खटास की वजह बताती नजर आ रही हैं। काजल का कहना है, “पवन जी मेरे साथ अब काम नहीं करते हैं। फिल्म ‘कैसे हो जाला प्यार’ की शूटिंग के दौरान सेट पर अचानक एक किसिंग सीन जोड़ दिया गया था, जो पहले स्क्रिप्ट का हिस्सा नहीं था। जब मैंने वह इंटीमेट सीन करने से साफ इनकार कर दिया, तो पवन जी नाराज होकर शूटिंग रोककर सेट से चले गए।”
काजल की यह बात सुनकर पास बैठी अभिनेत्री रानी चटर्जी ने चुटकी लेते हुए कहा, “मेल ईगो (पुरुष अहंकार) हर्ट हो गया होगा।” इस पर काजल ने भी हामी भरी और आगे कहा, “उस वाकये के बाद उन्होंने कसम खा ली कि वे अपनी जिंदगी में कभी मेरे साथ काम नहीं करेंगे। ऐसे बड़े स्टार्स आखिर क्या कर सकते हैं? वे बस प्रोड्यूसर्स-डायरेक्टर्स से कहकर आपको फिल्मों से बाहर करवा सकते हैं।” रानी चटर्जी ने भी काजल की बात का समर्थन किया।
शादीशुदा एक्टर से अफेयर और प्रताड़ना पर भी खोला था मोर्चा
गौरतलब है कि इससे पहले भी काजल राघवानी ने इसी शो में अपनी निजी जिंदगी को लेकर एक खौफनाक खुलासा किया था। उन्होंने किसी का नाम लिए बिना बताया था कि वे इंडस्ट्री के एक नामचीन शादीशुदा एक्टर के साथ करीब 5 साल तक सीक्रेट रिलेशनशिप में रही थीं।
काजल के मुताबिक, उस अभिनेता ने उन्हें धोखे में रखा था कि वह अपनी पत्नी से अलग होने वाला है। इस रिश्ते के दौरान काजल ने मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना, मारपीट और धमकियों तक का सामना किया था। हालांकि काजल ने सीधे तौर पर किसी का नाम नहीं लिया था, लेकिन भोजपुरी गलियारों में कयास लगाए जा रहे थे कि उनका इशारा खेसारी लाल यादव की तरफ था। अब पवन सिंह को लेकर आए इस नए बयान ने भोजपुरी इंडस्ट्री में नया तूफान खड़ा कर दिया है।
यह भी पढ़ें– नयनतारा ने ‘टॉक्सिक’ की सफलता के लिए मुंडवाया सिर? वायरल तस्वीरों का काला सच आया सामने

