Bollywood News: ‘महिलाओं को लेक्चर देना बंद करो’, पितृसत्तात्मक सोच पर भड़कीं कृति सेनन
'महिलाओं को लेक्चर देना बंद करो', पितृसत्तात्मक सोच पर भड़कीं कृति सेनन
Bollywood News: मुंबई। अपनी अदाकारी और फिल्मों के दम पर बॉलीवुड में अलग पहचान बनाने वाली अभिनेत्री कृति सेनन इन दिनों अपने किसी फिल्मी प्रोजेक्ट के कारण नहीं, बल्कि अपनी बेबाकी को लेकर सुर्खियों में हैं। हाल ही में कृति ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर कुछ कहानियां साझा कीं, जिनके जरिए उन्होंने समाज में गहराई तक जड़ जमा चुकी पितृसत्तात्मक मानसिकता और महिलाओं के प्रति नफरत भरे रवैये पर तीखा हमला बोला है।
‘यह पुरुष बनाम महिला की जंग नहीं है’
कृति सेनन ने अपनी पहली इंस्टाग्राम स्टोरी में इस पूरे मुद्दे को नए दृष्टिकोण से देखने की बात कही। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में लिखा, “दोस्तों, यह मामला पुरुष बनाम महिला का बिल्कुल नहीं है। यह असल में महिलाओं के खिलाफ नफरत से भरे पुरुषों और उन ब्रेनवॉश हो चुकी महिलाओं के खिलाफ लड़ाई है, जिन्हें लगता है कि पितृसत्ता ही हमारे संस्कार हैं।” कृति का यह बयान उस सोच पर सीधा प्रहार है जो परंपरा और संस्कारों के नाम पर लैंगिक असमानता को बढ़ावा देती है।
शोषित होने से बचने की नसीहतों पर उठाए सवाल
यौन उत्पीड़न और अपराधों के बाद अक्सर पीड़ित पर ही सवाल उठाने की प्रवृत्ति पर कृति ने गहरा दुख और आक्रोश व्यक्त किया। उन्होंने लिखा, “हम किस मोड़ पर आकर महिलाओं को यह सिखाना बंद करेंगे कि शोषित होने से कैसे बचा जाए? इसके बजाय हमें पुरुषों को यह सिखाना शुरू करना होगा कि शोषण करना, डराना-धमकाना और महिलाओं पर नियंत्रण पाना गलत है।”
नाबालिगों के साथ होने वाले जघन्य अपराधों का जिक्र करते हुए उन्होंने समाज की दोहरी मानसिकता को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने लिखा कि जब किसी मासूम के साथ ज्यादती होती है, तो यह पूछने के बजाय कि किस तरह के दरिंदे ने यह घिनौना काम किया, समाज यह ढूँढने में जुट जाता है कि बच्ची ने क्या पहना था, वह कहाँ थी, किसके साथ थी और उसके परिवार ने उसे बाहर जाने की अनुमति क्यों दी थी।
‘लड़कों को सहमति और सम्मान सिखाने की जरूरत’
अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कृति ने समाज को सुरक्षा के नाम पर नसीहतें देने से बाज आने की सलाह दी। उन्होंने लिखा, “हमें यह बताने वाले किसी अगले लेक्चर की जरूरत नहीं है कि महिलाओं को खुद को कैसे सुरक्षित रखना है। हमें पुरुषों को यह सिखाना है कि खुद पर काबू रखने के लिए उन्हें किसी नियंत्रित महिला की जरूरत नहीं होती। लड़कों और पुरुषों को सहमति (consent), सम्मान और जवाबदेही सिखाएं। पुरुषों की हर करतूत के लिए महिलाओं को जिम्मेदार ठहराना अब बंद होना चाहिए।” कृति सेनन का यह बेबाक अंदाज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग महिलाओं की सुरक्षा व समानता पर उनके इस रुख का समर्थन कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें– ‘कॉफी विद करण 9’ में साथ दिखेंगी आलिया और शाहीन भट्ट, पहली बार बहन संग काउच शेयर करेंगी एक्ट्रेस
