Koffee With Karan 9: ‘कॉफी विद करण 9’ में साथ दिखेंगी आलिया और शाहीन भट्ट, पहली बार बहन संग काउच शेयर करेंगी एक्ट्रेस
'कॉफी विद करण 9' में साथ दिखेंगी आलिया और शाहीन भट्ट
Koffee With Karan 9: इन दिनों अपनी बहुचर्चित आगामी फिल्म ‘लव एंड वॉर’ (Love And War) के धमाकेदार लुक को लेकर तारीफें बटोर रहीं बॉलीवुड स्टार आलिया भट्ट एक बार फिर सुर्खियों में हैं। फिल्म की चर्चाओं के बीच अब उनसे जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आ रही है। अगर बी-टाउन की ताजा रिपोर्ट्स पर यकीन करें तो आलिया जल्द ही करण जौहर के सबसे लोकप्रिय और चर्चित सेलिब्रिटी चैट शो ‘कॉफी विद करण’ (Koffee With Karan) के नए सीजन में अपनी हाजिरी लगाने वाली हैं।
पहली बार अपनी बहन शाहीन के साथ शो में एंट्री लेंगी आलिया
पिंकविला की एक हालिया रिपोर्ट के अनुसार, ‘कॉफी विद करण’ के सीजन 9 (Season 9) में आलिया भट्ट अकेली नहीं, बल्कि अपनी बहन शाहीन भट्ट (Shaheen Bhatt) के साथ काउच शेयर करती दिखाई देंगी। आलिया के लिए इस शो का हिस्सा बनना कोई नई बात नहीं है, वे पहले भी कई सीजन में नजर आ चुकी हैं। हालांकि, शाहीन भट्ट के लिए इस नामचीन टॉक शो का काउच बिल्कुल नया अनुभव होगा। बताया जा रहा है कि दोनों बहनें अगले एक सप्ताह के भीतर इस स्पेशल एपिसोड की शूटिंग पूरी कर सकती हैं।
बचपन के किस्सों से लेकर बिजनेस पार्टनरशिप पर होंगी दिलचस्प बातें
सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक, शो के दौरान करण जौहर दोनों बहनों के साथ उनके बचपन की खट्टी-मीठी यादों, उनकी निजी जिंदगी और उनके आपस के मजबूत रिश्ते पर खुलकर बात करेंगे। गौरतलब है कि आलिया और शाहीन का नाता केवल बहनों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि दोनों पेशेवर जिंदगी में भी एक-दूसरे की ढाल हैं। दोनों अपनी प्रोडक्शन कंपनी ‘इटरनल सनशाइन प्रोडक्शंस’ में बतौर पार्टनर काम करती हैं। ऐसे में इस एपिसोड में उनकी पर्सनल बॉन्डिंग के अलावा प्रोफेशनल लाइफ के भी कई अनसुने और दिलचस्प पहलू देखने को मिल सकते हैं।
आधिकारिक पुष्टि का फैंस को है इंतजार
हालांकि, इन खबरों के वायरल होने के बाद फैंस दोनों बहनों को एक साथ देखने के लिए काफी उत्साहित हैं, लेकिन अभी तक आलिया भट्ट, शाहीन भट्ट या खुद शो के मेकर्स की तरफ से इस खबर पर कोई आधिकारिक मुहर नहीं लगाई गई है। अगर यह खबर सच साबित होती है, तो शाहीन और आलिया का यह एपिसोड ‘कॉफी विद करण 9’ के सबसे धमाकेदार और दिलचस्प एपिसोड्स में से एक हो सकता है।
यह भी पढ़ें – ‘राइज एंड फॉल 2’ में दिखेंगे गोविंदा? ‘हीरो नंबर 1’ ने तोड़ी चुप्पी, बताया पूरा सच
