Gurdaspur Murder : पंजाब में नशा तस्करों के हौसले किस कदर बुलंद हो चुके हैं, इसकी एक और दिल दहला देने वाली तस्वीर गुरदासपुर जिले से सामने आई है। श्री हरगोबिंदपुर साहिब इलाके के अंतर्गत आने वाले गांव माड़ी फावां में उस वक्त कोहराम मच गया, जब नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले तीन ग्रामीणों पर बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया।
इस खूनी झड़प में 40 वर्षीय बिक्रमजीत सिंह की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनके दो साथी निशान सिंह और गुरमुख सिंह गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से पूरे इलाके में मातम और दशहत का माहौल है। अस्पताल के बिस्तर पर उपचाराधीन घायल गुरमुख सिंह ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि गांव के लोग पिछले काफी समय से तस्करों की हरकतों से परेशान थे।
नशा बेचने वाले रोजाना गली में आकर खड़े हो जाते थे, जिससे वहां से गुजरने वाली महिलाओं और युआनियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। इसी बात से तंग आकर गुरुवार को जब कुछ स्थानीय लोगों ने उन्हें वहां खड़े होने और नशा बेचने से मना किया, तो बात बढ़ गई कि आरोपियों ने खूनी रास्ता चुन लिया।
घात लगाकर बैठे 10 से 15 हमलावरों ने बोला धावा
गांव के सरपंच और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर पहले से ही घात लगाकर बैठे हुए थे। जैसे ही पीड़ित पक्ष ने विरोध जताया, अचानक 10 से 15 की संख्या में आए हथियारबंद बदमाशों ने उन पर लाठी-डंडों और तेजधार हथियारों से टूट पड़े। हमलावरों ने बेरहमी से तीनों पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वे खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़े।
घटना के तुरंत बाद डरे-सहमे ग्रामीण मौके पर दौड़े और किसी तरह घायलों को उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भाम पहुंचाया। अस्पताल के डॉक्टर अभिषेक ने बताया कि जब घायलों को लाया गया, तो बिक्रमजीत सिंह की हालत बेहद नाजुक थी और इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। बाकी दोनों घायलों का इलाज जारी है।
पुलिस महकमे में हलचल, आरोपियों की तलाश तेज
दिनदहाड़े हुई इस हत्या की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। थाना श्री हरगोबिंदपुर के एसएचओ सुखजिंदर सिंह पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
अधिकारियों का कहना है कि यह पूरा विवाद सिर्फ नशा बेचने से रोकने को लेकर हुआ था या इसके पीछे कोई पुरानी रंजिश थी, इसकी गहराई से जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि हमलावरों की पहचान कर जल्द ही उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
CM Bhagwant Mann France visit : High Court ने सीएम भगवंत माने के फ्रांस दौरे को दी मंजूरी

