Gurdaspur Snatching : पंजाब के गुरदासपुर शहर में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर एक बार फिर गंभीर सवालिया निशान खड़े हो गए हैं। आए दिन सामने आ रही चोरी और लूटपाट की वारदातों ने आम नागरिकों की नींद उड़ा दी है। ताजा मामला शहर के अति-व्यस्त माने जाने वाले हनुमान चौक के पास का है, जहां एक शातिर स्नैचर ने सरेआम एक बुजुर्ग महिला को अपना शिकार बना लिया। दिनदहाड़े हुई इस दुस्साहसिक घटना से इलाके में दहशत के साथ-साथ भारी रोष भी व्याप्त है।
घटना के बारे में विस्तार से बताते हुए पीड़ित महिला की बेटी ने कहा कि वे मूल रूप से गांव वलसोला की रहने वाली हैं। वह अपनी मां के साथ शहर के एक निजी अस्पताल (बाजवा हॉस्पिटल) से दवाई लेने के बाद किसी जरूरी काम से हनुमान चौक पहुंची थीं। जब वे दोनों चौक के पास मौजूद थीं, तभी वहां स्कूटी पर सवार होकर एक अज्ञात युवक आया और पलक झपकते ही उनकी मां के कान से सोने की बाली झपट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी तेजी से अपनी स्कूटी भगाकर वहां से फरार हो गया।
बेटी ने हिम्मत दिखाते हुए किया पीछा, लेकिन हाथ नहीं आया आरोपी
मुसीबत के इस वक्त में पीड़ित महिला की बेटी ने घबराने के बजाय गजब की सूझबूझ और हिम्मत का परिचय दिया। उसने तुरंत अपनी एक्टिवा स्टार्ट की और भाग रहे स्नैचर का पीछे करना शुरू कर दिया। उसने शहर की सड़कों पर काफी दूर तक आरोपी की स्कूटी का पीछा भी किया, लेकिन तेज रफ्तार और भीड़भाड़ का फायदा उठाकर शातिर बदमाश चकमा देने में कामयाब हो गया। घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस थाना को दे दी गई है, जिसके आधार पर पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने और आरोपी की पहचान करने में जुट गई है।
चौराहों पर चालान काटने में जुटी पुलिस, सुरक्षा पर उठे सवाल
इस सनसनीखेज घटना के सामने आने के बाद स्थानीय दुकानदारों और आम जनता ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर तीखे सवाल खड़े किए हैं। लोगों का कहना है कि पुलिस का ज्यादातर अमला शहर के चौराहों और मुख्य मार्गों पर खड़े होकर केवल वाहन चालकों के चालान काटने में व्यस्त रहता है, जबकि अपराधियों पर लगाम लगाने के लिए कोई ठोस गश्त या प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने पुलिस के सुरक्षा दावों की पोल खोल दी है। शहरवासियों और पीड़ित परिवार ने एसएसपी गुरदासपुर से पुरजोर मांग की है कि इस तरह की घटनाओं पर तुरंत रोक लगाई जाए, शहर में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए और इस वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाए।
Rajbir Ghuman High Court Case : हाईकोर्ट ने जनवरी 2027 तक स्थगित किया ओएसडी घुम्मन का केस

