September 26, 2026

Gurugram Instamart Dispute: गुरुग्राम में स्विगी इंस्टामार्ट पर हंगामा, 30-40 डिलीवरी बॉयज पहुंचे थाने, स्टोर स्टाफ पर लगाया बड़ा आरोप

0
Gurugram Instamart Dispute: गुरुग्राम में स्विगी इंस्टामार्ट पर हंगामा, 30-40 डिलीवरी बॉयज पहुंचे थाने, स्टोर स्टाफ पर लगाया बड़ा आरोप

गुरुग्राम में स्विगी इंस्टामार्ट पर हंगामा, 30-40 डिलीवरी बॉयज पहुंचे थाने, स्टोर स्टाफ पर लगाया बड़ा आरोप

Gurugram Instamart Dispute: साइबर सिटी गुरुग्राम के सेक्टर-1 स्थित चौमा गांव में स्विगी इंस्टामार्ट (Swiggy Instamart) के स्टोर कर्मचारियों और डिलीवरी पार्टनर्स के बीच विवाद गहरा गया है। स्टोर स्टाफ की कथित लापरवाही और मनमानी के खिलाफ शनिवार को 30 से 40 की संख्या में एकजुट होकर डिलीवरी बॉयज पालम विहार पुलिस थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस को लिखित शिकायत सौंपकर स्टोर कर्मचारियों पर जानबूझकर पैकेट से सामान गायब करने का आरोप लगाया और निष्पक्ष जांच की मांग की।

थाने पहुंचे डिलीवरी पार्टनर्स का कहना है कि वे दिन-रात मेहनत करके ग्राहकों तक सामान पहुंचाते हैं, लेकिन स्टोर के अंदर चल रही धांधली के कारण उनका रोजगार छिनने की नौबत आ गई है।

“पैकिंग में होती है चोरी, भुगतना पड़ता है हमें”

पीड़ित डिलीवरी बॉयज ने आपबीती सुनाते हुए पुलिस को बताया कि चौमा गांव (Chauma Village Instamart Store) स्थित स्विगी इंस्टामार्ट स्टोर का स्टाफ ग्राहकों का ऑर्डर पैक करते समय उसमें से कुछ कीमती या जरूरी सामान जानबूझकर छोड़ देता है। चूंकि पैकेट पूरी तरह से सील होता है, इसलिए डिलीवरी बॉय को यह पता नहीं होता कि अंदर ग्राहक का पूरा सामान रखा गया है या नहीं। वे तो बस स्टोर से पैकेट उठाते हैं और दिए गए पते पर डिलीवर कर देते हैं।

जब ग्राहक पैकेट खोलता है और उसमें से सामान गायब मिलता है, तो उसका पूरा गुस्सा डिलीवरी बॉय पर ही फूटता है। डिलीवरी पार्टनर संतोष ने बताया कि सामान कम होने पर ग्राहक उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट तक पर उतारू हो जाते हैं।

बिना जांच ब्लॉक हो रही आईडी, आजीविका पर गहराया संकट

मामला सिर्फ ग्राहकों की नाराजगी तक सीमित नहीं है। (Instamart Store Staff Fraud) परेशान ग्राहक इसकी शिकायत स्विगी ऐप पर दर्ज करा देते हैं। इसके बाद कंपनी बिना किसी जमीनी जांच-पड़ताल या डिलीवरी बॉय का पक्ष सुने, सीधे उनकी आईडी ब्लॉक (Block) कर देती है।

आईडी बंद होते ही डिलीवरी पार्टनर्स का काम ठप हो जाता है, जिससे उनके और उनके परिवार के सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। इसी अव्यवस्था और अन्याय से तंग आकर उन्होंने पुलिस का दरवाजा खटखटाया है।

सीसीटीवी खंगालने की मांग, अधिकारियों ने साधा मौन

शिकायतकर्ता डिलीवरी बॉयज ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि चौमा गांव स्थित इंस्टामार्ट स्टोर के सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली जाए, ताकि यह साफ हो सके कि पैकिंग के समय सामान किसने कम किया था। साथ ही उन्होंने कंपनी प्रबंधन पर दबाव बनाकर ब्लॉक की गई आईडी को तुरंत बहाल कराने में पुलिस से हस्तक्षेप की गुहार लगाई है।

इस पूरे विवाद पर जब इंस्टामार्ट के स्टोर मैनेजर रामकुमार से बात की गई, तो उन्होंने पल्ला झाड़ते हुए कहा, “मेरा काम सिर्फ ऑपरेशन्स देखना है। (Swiggy App Complaint Issue) डिलीवरी पार्टनर्स से मेरा सीधा संपर्क नहीं रहता, इस बारे में टीम इंचार्ज ही कुछ बता पाएंगे।” वहीं, जब टीम लीडर पंकज अग्रवाल से उनका पक्ष जानने के लिए संपर्क किया गया, तो उन्होंने बार-बार फोन मिलाए जाने के बावजूद कॉल का कोई जवाब नहीं दिया।

यह भी पढ़ें– HRERA TDI Infracorp Fine: हरेरा पंचकूला का टीडीआई इंफ्राकॉर्प पर बड़ा फैसला, खारिज की अर्जी, 90 दिन में भरने होंगे ₹19.10 लाख

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed