Khanna HDFC Bank Robbery : लुधियाना के खन्ना में सुरक्षा व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए बदमाशों ने गुरुवार को एक बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया। खन्ना स्थित एचडीएफसी बैंक की शाखा के बाहर से दो हथियारबंद लुटेरों ने एक आढ़ती से गनपॉइंट पर करीब 15 लाख रुपये का कैश और उनकी हुंडई वेन्यू कार लूट ली। सरेराह हुई इस सनसनीखेज घटना के बाद पूरे व्यापारिक क्षेत्र में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
कार में बैठते ही माथे पर तान दी पिस्टल
जानकारी के मुताबिक, अमलोह के गांव भद्दलथूहा निवासी आढ़ती धान के मौजूदा सीजन के दौरान फसलों के भुगतान और पैसों के लेनदेन के सिलसिले में खन्ना आए हुए थे। वे बैंक से 15 लाख रुपये की नकदी निकालकर बाहर खड़ी अपनी वेन्यू कार में जैसे ही सवार हुए, तभी घात लगाए बैठे दो लुटेरे वहां पहुंचे। बदमाशों ने कार का दरवाजा खोलकर आढ़ती के माथे पर पिस्टल तान दी और जान से मारने की धमकी देकर रुपयों से भरा बैग छीन लिया। इसके बाद लुटेरे आढ़ती को गाड़ी से नीचे धकेलकर उनकी कार में ही सवार होकर मंडी गोबिंदगढ़ की तरफ तेजी से भाग निकले।
धान के सीजन में बड़ी पेमेंट का कर रहे थे लेनदेन
बताया जा रहा है कि पीड़ित आढ़ती का मुख्य कारोबार अमलोह के गांव भद्दलथूहा में है और खन्ना मंडी से भी उनका बड़ा कारोबारी संबंध है। इन दिनों पंजाब में धान की सरकारी खरीद और उठान का सीजन जोरों पर है, जिसके चलते किसानों को फसल का भुगतान करने और आढ़त के अन्य कामों के लिए बड़ी रकम का आदान-प्रदान हो रहा था। अंदेशा जताया जा रहा है कि लुटेरों को इस लेनदेन की भनक पहले से थी और वे बैंक परिसर के आसपास रेकी कर रहे थे।
एसएसपी के निर्देश पर जिला सील, सीआईए टीमें तलाश में जुटीं
लूट की सूचना मिलते ही खन्ना के सिटी थाना-1 के एसएचओ हरविंदर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। वारदात की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी डॉ. दर्पण आहलूवालिया ने तुरंत कड़ा संज्ञान लिया और खन्ना सहित आसपास की तमाम सीमाओं को सील कर कड़ा पहरा लगा दिया। सीआईए (CIA) स्टाफ और सिटी थाना पुलिस की कई विशेष टीमें बैंक व आसपास के मुख्य रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं। पुलिस का दावा है कि लुटेरों के भागने के रूट का सुराग जुटा लिया गया है और जल्द ही उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

