October 2, 2026

Kurukshetra Crime News: कुरुक्षेत्र में ‘सस्ता सर्फ’ पड़ा महंगा, राहगीर को रोककर थमाए कट्टे, पैकेटों में भरा था राख

0
Kurukshetra Crime News: कुरुक्षेत्र में 'सस्ता सर्फ' पड़ा महंगा, राहगीर को रोककर थमाए कट्टे, पैकेटों में भरा था राख

कुरुक्षेत्र में 'सस्ता सर्फ' पड़ा महंगा, राहगीर को रोककर थमाए कट्टे, पैकेटों में भरा था राख

Kurukshetra Crime News: (पवन शर्मा) नेशनल हाईवे-152डी पर राहगीरों को झांसे में लेकर चूना लगाने वाला एक शातिर गिरोह सक्रिय नजर आ रहा है। अपने गांव कुरड़ी लौट रहे एक युवक को हाईवे पर दो अनजान युवकों से सस्ता सर्फ खरीदना खासा महंगा पड़ गया। ठगों ने ‘मार्केटिंग’ और ‘फैक्ट्री रेट’ का आकर्षक जाल बुनकर युवक को करीब 4 हजार रुपये की चपत लगा दी। सर्फ के नाम पर थमाए गए कट्टों को जब खोला गया तो उसमें से वाशिंग पाउडर के बजाय 64 किलो राख निकली।

‘सर्फ एक्सेल’ के नाम पर बुना ठगी का जाल

जानकारी के मुताबिक, पीड़ित भूरा अपने गांव कुरड़ी की तरफ जा रहा था। इसी दौरान 152-डी पर खड़े दो युवकों ने उसे हाथ देकर रुकवा लिया। आरोपियों ने उसके सामने ‘एक्सेल व्हाइट’ नाम के सर्फ का विज्ञापन करते हुए दावा किया कि वे इसे खुद अपनी यूनिट में तैयार करते हैं। कंपनी की पब्लिसिटी और डायरेक्ट सेलिंग का हवाला देते हुए उन्होंने बाजार भाव से बेहद कम दाम में सर्फ देने की पेशकश की।

सस्ता सौदा देखकर भूरा उनके झांसे में आ गया और उसने करीब 4 हजार रुपये देकर सर्फ के 4 कट्टे खरीद लिए।

दुकान पर खुला राज, पैकेटों में मिली 64 किलो राख

ठगी का यह पूरा खेल तब उजागर हुआ जब भूरा सर्फ के कट्टे लेकर अपने दोस्त प्रवीण शर्मा की दुकान पर पहुंचा। वहां जब कट्टों को खोलकर देखा गया तो दोनों के होश उड़ गए। कट्टों के भीतर मौजूद पैकेटों में सर्फ का एक दाना तक नहीं था, बल्कि उनमें राख भरी हुई थी। जांच करने पर पता चला कि चारों कट्टों में करीब 4-4 किलो के पैकेट बनाए गए थे और कुल 64 किलो राख भरी गई थी।

ठगी का अहसास होते ही भूरा अपने दोस्त प्रवीण को साथ लेकर तुरंत हाईवे पर उसी जगह पहुंचा जहां सौदा हुआ था। दोनों ने आसपास के इलाके में ठगों की काफी तलाश की, लेकिन तब तक शातिर ठग वहां से रफूचक्कर हो चुके थे। ठगों का कोई सुराग न मिलने पर परेशान युवक ने राख से भरे पैकेटों को सड़क किनारे जंगलात के इलाके में फेंक दिया।

हाईवे पर राहगीरों को ठगने का नया तरीका, रहें सावधान

पीड़ित के दोस्त प्रवीण शर्मा ने बताया कि हाईवे पर राहगीरों को रोककर सस्ता सामान बेचने का यह नया पैंतरा लोगों को आसानी से जाल में फंसा रहा है। लोग कम दाम और ब्रांडेड पैकिंग के चक्कर में आकर बिना जांचे-परखे सामान खरीद लेते हैं।

हालांकि, इस मामले में फिलहाल पुलिस को औपचारिक शिकायत नहीं दी गई है, लेकिन इस घटना ने हाईवे पर सामान बेचने वाले संदिग्ध गिरोहों को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों और प्रबुद्ध नागरिकों का कहना है कि हाईवे या सुनसान रास्तों पर बेहद कम कीमत में कोई भी पैकेट बंद सामान बेचने वालों से सावधान रहने की जरूरत है। कोई भी सामान खरीदने से पहले उसकी सील, कंपनी का विवरण और बिल जरूर जांचें, और संदिग्ध लगने पर तुरंत नजदीकी थाने या डायल-112 को सूचना दें।

यह भी पढ़ें–Haryana Weather Update: हरियाणा में मानसून की विदाई, जानें 6 और 7 अक्टूबर को कहां होगी बारिश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed