Kurukshetra Police Custody Escape: धार्मिक नगरी कुरुक्षेत्र में अपराध का दायरा बढ़ाने वाले एक शातिर गिरोह पर पुलिस का शिकंजा कस गया है। राहगीरों से मोबाइल और नकदी छीनने के आरोप में गिरफ्तार किए गए पांच में से दो आरोपियों ने पुलिस हिरासत से भागने का दुस्साहस किया। हालांकि उनका यह प्रयास उन पर ही भारी पड़ गया और पुलिया से नीचे कूदने के कारण दोनों की टांगें टूट गईं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों घायलों को तुरंत एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उनका इलाज जारी है। इस सनसनीखेज कार्रवाई से बदमाशों के बीच हड़कंप मच गया है।
मेला ग्राउंड के जंगल में छिपा था चोरों का ठिकाना
सीआईए-2 के इंचार्ज मनदीप सिंह के अनुसार, पिछले कुछ समय से ब्रह्मसरोवर के मेला ग्राउंड और उसके आसपास के इलाकों में राहगीरों से लूटपाट और झपटमारी की शिकायतें मिल रही थीं। पुलिस टीम ने जाल बिछाकर पांचों आरोपियों को धर दबोचा। पकड़े गए बदमाशों की पहचान विकास उर्फ विक्की (गांधीनगर, कुरुक्षेत्र), कमल उर्फ बच्ची (कलायत, कैथल), गोल्डी उर्फ गंजा (चीका, कैथल), दानिश (बिजनौर, उत्तर प्रदेश) और सन्नी (फरल, कैथल) के रूप में हुई है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि ये सभी आरोपी ब्रह्मसरोवर के पास बने सफेदों के जंगल में छिपकर रहते थे और अकेले राहगीरों, महिलाओं व बच्चों को अपना निशाना बनाते थे।
ट्रेनों में सोते यात्रियों के फोन उड़ाते थे शातिर
यह गिरोह सिर्फ सड़कों तक सीमित नहीं था, बल्कि चलती ट्रेनों में भी जमकर आतंक मचा रहा था। आरोपी कुरुक्षेत्र से अंबाला और करनाल जाने वाली पैसेंजर या एक्सप्रेस ट्रेनों में सवार हो जाते थे। शाम के वक्त जब यात्री नींद में होते थे, तब ये उनकी जेब से मोबाइल और नकदी साफ कर देते थे। इसके अलावा ट्रेनों के चार्जिंग पॉइंट पर लगे मोबाइल फोन भी इनके निशाने पर रहते थे। पुलिस ने इनकी निशानदेही पर कुल 38 चोरी और छीने गए मोबाइल फोन के साथ वारदातों में इस्तेमाल किया जाने वाला चाकू भी बरामद किया है।
निशानदेही के दौरान पुलिया से कूदे बदमाश
पुलिस आरोपियों को माल की बरामदगी और क्राइम सीन की निशानदेही के लिए ब्रह्मसरोवर के पास स्थित उसी सफेदों के जंगल में लेकर गई थी। इसी दौरान आरोपी दानिश और विकास उर्फ विक्की ने पुलिस को चकमा देकर भागने की कोशिश की। बच निकलने की हड़बड़ी में दोनों पास की एक पुलिया से नीचे छलांग लगा बैठे। ऊंचाई से गिरने के कारण दोनों की टांगों की हड्डियां टूट गईं और वे मौके पर ही बेबस हो गए। पुलिस बल ने तुरंत मुस्तैदी दिखाते हुए दोनों को दबोचा और अस्पताल पहुंचाया। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि इन्होंने इन मोबाइलों को आगे किसे बेचा था और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोग कौन-कौन हैं।
यह भी देखें – हरियाणा में बदलेगा मौसम का मिजाज, 24 अक्टूबर को इन जिलों में बारिश और बूंदाबांदी के आसार

