September 22, 2026

Mahendragarh : महेंद्रगढ़ के खैराना गांव में कुएं से मिला लापता व्यक्ति का शव, पिछले तीन दिनों से था लापता

0
Mahendragarh : महेंद्रगढ़ के खैराना गांव में कुएं से मिला लापता व्यक्ति का शव, पिछले तीन दिनों से था लापता

प्रतीकात्मक फोटो

Mahendragarh :  महेंद्रगढ़ जिले के गांव खैराना से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मंगलवार दोपहर बाद घर के पास स्थित एक कुएं से 54 वर्षीय व्यक्ति का शव बरामद किया गया।

मृतक की पहचान गांव के ही रहने वाले मुकेश (पुत्र मोतीलाल) के रूप में हुई है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मुकेश पिछले करीब तीन दिनों से लापता था, जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट पहले ही दर्ज कराई जा चुकी थी।

कुएं से बदबू आने पर हुआ संदेह

परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, मंगलवार को घर के बिल्कुल पास स्थित कुएं से अचानक दुर्गंध आने लगी, जिससे परिवार के लोगों को संदेह हुआ। इसके तुरंत बाद डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जब कुएं की गहराई से जांच कराई, तो लॉरिंग मशीन और जेसीबी की मदद से शव को बाहर निकाला गया। चौंकाने वाली बात यह है कि मृतक मुकेश का घर उसी कुएं के ठीक पास स्थित था।

पिछले 5 साल से चल रहा था मानसिक बीमारी का इलाज

परिजनों ने पुलिस को जानकारी दी कि मुकेश पिछले लगभग पांच साल से मानसिक रूप से परेशान थे और उनका नियमित इलाज चल रहा था। वह समय पर अपनी दवाइयां भी ले रहे थे। परिवार में मुकेश का एकमात्र बेटा है जो फिलहाल अपनी पढ़ाई कर रहा है। अचानक हुई इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे परिवार और गांव में मातम का माहौल छा गया है।

पुलिस ने शुरू की गहन जांच

शव मिलने के बाद स्थानीय थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि पिछले तीन दिनों से लापता मुकेश आखिर उस कुएं तक कैसे पहुंचे और उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों की पुख्ता पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

यह भी देखें –  हकेवि में विश्व अल्जाइमर दिवस पर हुआ विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed