Mahendragarh News: अनाज मंडी में बाजरे की सरकारी खरीद और व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। प्रशासन की ओर से गांवों के हिसाब से बाजरे की खरीद का नया शेड्यूल जारी कर दिया गया है। एसडीएम योगेश सैनी ने सभी किसानों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की परेशानी से बचने के लिए केवल अपने निर्धारित दिन पर ही फसल लेकर मंडी पहुंचें।
एसडीएम योगेश सैनी ने जानकारी देते हुए बताया कि शुक्रवार, 6 नवंबर को खैरोली, निंबेहडा, खातीवास और मंडोला गांव के किसानों का बाजरा खरीदा जाएगा। इसके अगले दिन यानी शनिवार, 7 नवंबर को कुराहवटा, पालड़ी और माजरा कलां गांव के किसान अपनी फसल बेचने के लिए मंडी ला सकेंगे।
प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि तय गांवों के अतिरिक्त अन्य गांवों के किसान इन तिथियों पर अपनी फसल लेकर मंडी न आएं। किसानों से आग्रह किया गया है कि वे प्रशासन द्वारा जारी शेड्यूल का सख्ती से पालन करें ताकि मंडी में अनावश्यक भीड़ न बढ़े और सुचारू रूप से खरीद प्रक्रिया जारी रह सके।
इसके अलावा, प्रशासन ने फसल के उठान को लेकर भी योजना बनाई है। एसडीएम के मुताबिक, 8 और 9 नवंबर को महेंद्रगढ़ अनाज मंडी में बाजरे की खरीद बंद रहेगी और इस दौरान केवल गोदामों व मंडियों से फसल का उठान किया जाएगा। प्रशासन ने किसानों से सहयोग की अपील की है ताकि पूरी प्रक्रिया बिना किसी बाधा के संपन्न हो सके।
यह भी देखें – जिले में सिर्फ ग्रीन पटाखों की बिक्री को मंजूरी, एसडीएम ने तय किए स्थान और लाइसेंस के नियम


