September 23, 2026

Mahendragarh : हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय में स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन-2026 की तैयारी को लेकर इंटरनल हैकाथॉन का सफल आयोजन

0
Mahendragarh : हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय में स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन-2026 की तैयारी को लेकर इंटरनल हैकाथॉन का सफल आयोजन

Mahendragarh : हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय में स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन-2026 की तैयारी को लेकर इंटरनल हैकाथॉन का सफल आयोजन

Mahendragarh : हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेवि), महेंद्रगढ़ में उद्यमिता प्रकोष्ठ (ई-सेल) द्वारा सेंटर फॉर इनोवेशन एंड इनक्यूबेशन (सीआईआई) एवं इंस्टीट्यूट इनोवेशन काउंसिल (आईआईसी) के सहयोग से इंटरनल हैकाथॉनः स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन-2026 की ओर एक कदम का आयोजन किया गया।

 

 

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन-2026 की थीम एवं समस्या विवरणों के अनुरूप वास्तविक जीवन की चुनौतियों के समाधान विकसित करने के लिए मंच प्रदान करना था।

 

 

 

कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. टंकेशवर कुमार ने अपने संदेश में विद्यार्थियों को नवाचार एवं उद्यमिता से जुड़ी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विश्वविद्यालय में सशक्त स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करने की आवश्यकता पर जोर देते हुए विद्यार्थियों से अपने नवाचारी विचारों को व्यावहारिक एवं उपयोगी समाधानों में परिवर्तित करने का आह्वान किया।

 

 

 

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के समकुलपति प्रो. पवन कुमार शर्मा ने समस्या समाधान के लिए व्यावहारिक एवं स्वदेशी दृष्टिकोण अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने ‘देसी मेकिंग’ एवं ‘जुगाड़’ की भावना का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों से स्थानीय स्तर की चुनौतियों को समझकर उपलब्ध संसाधनों के माध्यम से सरल, नवाचारी एवं क्रियान्वित किए जा सकने वाले समाधान विकसित करने का आह्वान किया।

 

 

 

आंतरिक हैकाथॉन में हार्डवेयर एवं सॉफ्टवेयर श्रेणियों में कुल 26 टीमों ने भाग लिया। प्रतिभागी टीमों ने स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन-2026 की विभिन्न थीम से संबंधित समस्या विवरणों पर कार्य करते हुए अपनी तकनीकी क्षमता, रचनात्मकता, टीम भावना एवं समस्या समाधान कौशल का प्रदर्शन किया।

 

 

 

हार्डवेयर श्रेणी में इकोबिन’ (टीम एफ) ने प्रथम, रेस्क्यूनोवा’ (टीम यू) ने द्वितीय तथा द ऑर्डर’ (टीम एक्स) एवं द आइडिया स्टैक (टीम क्यू) ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। सॉफ्टवेयर श्रेणी में इंटेल नॉयर’ (टीम डब्ल्यू) ने प्रथम, एग्री-कनेक्ट (टीम ओ) ने द्वितीय तथा टेक टाइटन’ (टीम ए1) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

 

 

 

आंतरिक हैकाथॉन में भाग लेने वाली 26 टीमों में से निर्णायक मंडल द्वारा 18 टीमों को स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन-2026 के लिए नामित किया गया। प्रतिभागी टीमों का मूल्यांकन विशेषज्ञों द्वारा किया गया। इनमें पाइन फूड प्राइवेट लिमिटेड की श्रीमती अदिति भूटानी मदान; वाईएमसीए, फरीदाबाद के डॉ. योगेंद्र आर्या; प्रो. गुंजन गोयल; स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के डीन प्रो. विकास गर्ग; प्रो. पायल चंदेल एवं डॉ. हुमैरा शामिल रहे।

 

 

उन्होंने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके विचारों, प्रारूपों एवं समाधानों को आगामी चरणों के लिए और अधिक प्रभावी बनाने के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव प्रदान किए।

 

 

 

कार्यक्रम के दौरान ई-सेल के संयोजक डॉ. अजय कुमार ने स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस प्रकार के मंच विद्यार्थियों को वास्तविक जीवन की चुनौतियों पर कार्य करने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि हैकाथॉन के माध्यम से विद्यार्थियों में तकनीकी दक्षता के साथ-साथ उद्यमिता, सहयोग एवं समस्या समाधान जैसे महत्वपूर्ण कौशल भी विकसित होते हैं।

 

 

यह भी देखेंहरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय में 41वें राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 उन्मुखीकरण कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed