Narnaul:
दीपावली के त्योहार पर आमजन को शुद्ध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाने के लिए हरियाणा सरकार खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रख रही है। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव के मार्गदर्शन में महेंद्रगढ़ जिले में विशेष खाद्य सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत पिछले एक माह में नारनौल क्षेत्र की खाद्य सुरक्षा टीम ने विभिन्न खाद्य पदार्थों के कुल 24 नमूने लिए हैं।
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि त्योहारों के दौरान लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता है। खाद्य पदार्थों में मिलावट या गुणवत्ता से समझौता करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने खाद्य सुरक्षा विभाग को बाजार में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए।
अभियान के तहत लिए गए 24 नमूनों में से अब तक पांच की जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई है। रिपोर्ट के अनुसार, एक घी का नमूना असुरक्षित (Unsafe) और दो नमूने अधोमानक (Substandard) पाए गए हैं। वहीं, दो नमूने निर्धारित मानकों के अनुरूप मिले हैं। शेष नमूनों की जांच रिपोर्ट आना बाकी है। विभाग के अनुसार, सभी प्राप्त जांच रिपोर्टों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य पदार्थ खरीदते समय सावधानी बरतें उपभोक्ता
खाद्य सुरक्षा अधिकारी नारनौल डॉ. अमित कुमार ने बताया कि दीपावली के दौरान मिठाइयों, घी और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में उपभोक्ताओं को खाद्य सामग्री खरीदते समय विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। पैकिंग पर निर्माण तिथि, समाप्ति तिथि और FSSAI लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन की जानकारी अवश्य जांचें। खुले में रखे गए, अस्वच्छ परिस्थितियों में तैयार किए गए या संदिग्ध गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थ खरीदने से बचें।
उन्होंने मिठाई विक्रेताओं और अन्य खाद्य कारोबारियों से भी अपील की कि वे वैध FSSAI लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन रखें और खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण तथा बिक्री के दौरान स्वच्छता के सभी निर्धारित नियमों का पालन करें। मिठाइयों में अनधिकृत रंगों का इस्तेमाल न करें और केवल सुरक्षित व मानकों के अनुरूप सामग्री का ही प्रयोग करें।
त्योहार के दौरान जारी रहेगी जांच
खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से दीपावली के दौरान बाजारों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की निगरानी, नमूने लेने और जांच की कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थों का चयन करें। यदि कहीं खाद्य पदार्थों में मिलावट या असुरक्षित खाद्य सामग्री की बिक्री की जानकारी मिले, तो संबंधित खाद्य सुरक्षा विभाग को इसकी सूचना दें।
स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य त्योहार के उल्लास के बीच आमजन के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से जुड़े निर्धारित नियमों का प्रभावी पालन करवाना है।

