Narnaul:जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा नारनौल शहर में पेयजल एवं सीवर कनेक्शनों को वैध करवाने के लिए विशेष घर-घर जागरूकता एवं कनेक्शन वैधीकरण अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत विभाग की टीमें शहर के विभिन्न मोहल्लों में पहुंचकर उपभोक्ताओं को कनेक्शन वैध करवाने के लिए जागरूक कर रही हैं। साथ ही, आवश्यक दस्तावेज लेकर मौके पर ही कनेक्शन से संबंधित फाइल तैयार की जा रही है।
उपमंडल अभियंता मुकेश शर्मा ने बताया कि विभाग द्वारा वर्तमान में पेयजल एवं सीवर कनेक्शनों को बिना किसी शुल्क के वैध किया जा रहा है। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे इस सुविधा का लाभ उठाएं और अपने कनेक्शन समय रहते वैध करवाएं। उन्होंने बताया कि उपभोक्ताओं को केवल आवश्यक दस्तावेज विभागीय टीम को उपलब्ध करवाने हैं, जबकि कनेक्शन से संबंधित फाइल तैयार करने का कार्य टीम द्वारा मौके पर ही किया जा रहा है।
नारनौल शहर में अब तक पेयजल के 475 तथा सीवर के 1,069 कनेक्शन वैध किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि शहर में अभी भी लगभग 15,000 से अधिक कनेक्शन अवैध हैं, जिन्हें वैध किया जाना आवश्यक है। विभाग की टीमें लगातार घर-घर जाकर उपभोक्ताओं को जागरूक कर रही हैं।
उपमंडल अभियंता ने कहा कि सरकार एवं प्रशासन का उद्देश्य शहरी उपभोक्ताओं को पेयजल एवं सीवर की बेहतर और व्यवस्थित सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। इसके लिए प्रत्येक कनेक्शन का वैध होना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से विभाग द्वारा यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जो उपभोक्ता अपने पेयजल एवं सीवर कनेक्शनों को वैध नहीं करवाएंगे, उनके कनेक्शन काटने की कार्रवाई भी विभाग द्वारा अभियान के तहत की जा रही है। इसके अतिरिक्त, पेयजल की बर्बादी करते पाए जाने वाले उपभोक्ताओं को नोटिस जारी किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पेयजल प्रत्येक नागरिक का मौलिक अधिकार है, लेकिन इसके साथ ही पानी का सदुपयोग करना और सभी उपभोक्ताओं तक इसका समान वितरण सुनिश्चित करने में सहयोग देना भी प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। सभी उपभोक्ताओं तक पेयजल पहुंचाना विभाग का लक्ष्य है। इसके लिए उपभोक्ताओं का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने अपील की कि कोई भी उपभोक्ता मुख्य पाइपलाइन से अवैध रूप से कनेक्शन न ले। जिन उपभोक्ताओं ने पहले से ऐसे कनेक्शन ले रखे हैं, वे उन्हें स्वयं हटा लें, ताकि पेयजल की आपूर्ति सुचारु रूप से जारी रह सके।
उन्होंने बताया कि नारनौल के जमालपुर मोहल्ले के निवासियों के अनुरोध पर अवैध कनेक्शन हटाने की कार्रवाई को दो दिन के लिए स्थगित किया गया है। मोहल्ला निवासियों ने आश्वासन दिया है कि वे दो दिन के भीतर मुख्य पाइपलाइन से अपने अवैध कनेक्शन स्वयं हटा लेंगे तथा उन्हें डिस्ट्रीब्यूशन लाइन से जोड़ लेंगे। निर्धारित अवधि में अवैध कनेक्शन नहीं हटाए जाने पर विभाग द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर पुलिस की सहायता भी ली जाएगी, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित अवैध कनेक्शनधारियों की होगी।
जिले के शहरी क्षेत्रों में भी अभियान जारी
जिला सलाहकार मंगतू राम सरस्वा ने बताया कि जिला महेंद्रगढ़ के सभी प्रमुख शहरी क्षेत्रों में पेयजल एवं सीवर कनेक्शन वैधीकरण अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अब तक विभिन्न शहरों में विभिन्न कनेक्शन वैध किए जा चुके हैं। अटेली शहर में पेयजल के 102 तथा सीवर के 299 कनेक्शन। कनीना शहर में पेयजल के 129 तथा सीवर के 420 कनेक्शन। महेंद्रगढ़ शहर में पेयजल के 301 तथा सीवर के 1302 कनेक्शन। नांगल चौधरी शहर में पेयजल के 443 तथा सीवर के 968 कनेक्शन। नारनौल शहर में पेयजल के 475 तथा सीवर के 1069 कनेक्शन।
जिला सलाहकार ने बताया कि विभाग द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में भी पेयजल की बर्बादी रोकने के लिए जागरूकता गतिविधियां एवं जल अर्पण कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि पानी की प्रत्येक बूंद कीमती है। इसलिए पेयजल कनेक्शन पर टोंटी का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करें और पानी को व्यर्थ न बहने दें।
उन्होंने कहा कि पेयजल एवं सीवर व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए उपभोक्ताओं का सहयोग बेहद जरूरी है। कनेक्शन वैध करवाने से विभाग को जलापूर्ति एवं सीवर व्यवस्था को बेहतर ढंग से संचालित करने में मदद मिलेगी। इससे सभी उपभोक्ताओं तक व्यवस्थित पेयजल सुविधा पहुंचाने में भी सहायता मिलेगी।
पेयजल एवं सीवर कनेक्शन से संबंधित किसी भी शिकायत अथवा जानकारी के लिए विभाग के टोल-फ्री नंबर 1800-180-5678 पर संपर्क किया जा सकता है।
यह भी देखें हरियाणा पुलिस में बंपर भर्तियों का ऐलान, 2030 तक भरे जाएंगे 28 हजार पद, डीजीपी अजय सिंघल की बड़ी घोषणा

