Narnaul Strike News: निजी कंपनियों को पैरेलल लाइसेंस दिए जाने के विरोध में दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (DHBVN) के कर्मचारियों और अधिकारियों ने 22 से 24 अक्टूबर 2026 तक तीन दिवसीय राज्यव्यापी हड़ताल शुरू कर दी है। हड़ताली कर्मचारियों का सरकार को स्पष्ट चेतावनी है कि अगर सरकार अपने फैसले को वापिस नहीं लेती है तो वे अपनी तीन दिवसीय हड़ताल को अनिश्चितकालिन हड़ताल में भी बदल सकती है।
कर्मचारी रात से ही हड़ताल पर चले गए हैं, जिसके चलते महेंद्रगढ़ जिले में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। जिला महेंद्रगढ़ में एसई, एक्सईएन, एसडीओ और जेई समेत करीब 1100 से अधिक कर्मचारी व अधिकारी हड़ताल पर हैं।
शहर महेंद्रगढ़ के अलावा सतनाली, कनीना और अटेली के ग्रामीण क्षेत्रों में रात से ही बिजली गायब है, जबकि नारनौल में सुबह 5 बजे से बिजली आपूर्ति ठप है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति ज्यादा खराब है, जहां रात 10 बजे के बाद से ही लाइट नहीं आई है। फीडरों में लगने वाले ऑटोमेटिक कट के बाद अब कर्मचारियों के न होने के कारण बिजली दोबारा शुरू नहीं हो पा रही है।
धरने को अन्य संगठनों का भी मिला समर्थन
बिजली कर्मचारियों के धरने को नारनौल शहर के अन्य विभागों के कर्मचारी संगठनो का भी भरपुर समर्थन मिला है जिसमें मुख्यत: सर्व कर्मचारी संघ, रोडवेज यूनियन, हरियाणा कर्मचारी महासंघ, जन उपभोक्ता मंच, पोलिटैक्निक एसोसिएशन और रिटायर्ड कर्मचारी संघ शामिल रहे।
प्रशासन सतर्क, पुलिस बल तैनात और धारा 163 लागू
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बिजली निगम के नारनौल, अटेली, महेंद्रगढ़ और कनीना कार्यालयों में पुलिस बल तैनात किया गया है। कनीना के एसडीएम गुरविंद्र सिंह ने अटेली और कनीना कार्यालयों का दौरा कर हड़ताल और उपस्थिति का जायजा लिया।
जिलाधीश अनुपमा अंजली ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत जिला में सख्त निषेधाज्ञा लागू कर दी है। इसके तहत सभी बिजली पावर स्टेशनों, उपकेंद्रों, 11 केवी स्विचिंग स्टेशनों और कार्यालयों के 100 मीटर के दायरे में पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्रित होने, धरना-प्रदर्शन, घेराव और जुलूस निकालने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
धारा 163 का नारनौल में नहीं दिखा असर
पुलिस ने आमजन से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। हालांकि धारा 163 का नारनौल में कोई असर नहीं दिखा और लगभग विभाग के 80 प्रतिशत से अधिक कर्मचारी समाचार लिखे जाने तक धरना स्थल पर मौजूद थे और सरकार के खिलाफ एकजुट होकर नारेबाजी कर रहे थे।
यह भी देखें – जेल में बंदी से नशीला पदार्थ मिला, जेल वार्डर पर सप्लाई करने का आरोप

