Nasha Mukt Punjab Yatra : Talwandi Sabo से शिवराज सिंह चौहान ने फूंका चुनावी बिगुल, बीजेपी की नशा मुक्त यात्रा शुरू
Talwandi Sabo से शिवराज सिंह चौहान ने फूंका चुनावी बिगुल, बीजेपी की नशा मुक्त यात्रा शुरू
Nasha Mukt Punjab Yatra | Talwandi Sabo : पंजाब की धरती से ड्रग्स के काले कारोबार को उखाड़ फेंकने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपनी सियासी और सामाजिक मुहिम तेज कर दी है। इसी कड़ी में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को बठिंडा ज़िले के ऐतिहासिक शहर तलवंडी साबो से बीजेपी की चौथी ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस मौके पर अपने चिरपरिचित आक्रामक अंदाज में उन्होंने हुंकार भरी कि अगर पंजाब में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनती है, तो कार्यभार संभालने के शुरुआती छह महीनों के भीतर ही राज्य से नशीले पदार्थों की सप्लाई चेन, तस्करों का नेटवर्क और इससे जुड़े हर आपराधिक ढांचे को पूरी तरह खत्म कर दिया जाएगा।
पीड़ित परिवारों के दर्द से आहत दिखे केंद्रीय मंत्री
यात्रा को हरी झंडी दिखाने से पहले शिवराज सिंह चौहान ने तख्त श्री दमदमा साहिब पहुंचकर शीश नवाया और गुरु महाराज का आशीर्वाद लिया। इसके बाद तलवंडी साहिब की अनाज मंडी में आयोजित भारी-भरकम रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा।
सभा से पहले नशीले पदार्थों के दुरुपयोग का शिकार हुए कुछ पीड़ित परिवारों से उनकी लंबी बातचीत हुई, जिसका जिक्र करते हुए केंद्रीय मंत्री काफी भावुक और गंभीर नजर आए। उन्होंने बताया कि किस तरह माताओं ने अपने जवान बेटों को और महिलाओं ने अपने पतियों को इस जहर की वजह से खो दिया है। किसी ने 18 साल के तो किसी ने 27 साल के अपने जिगर के टुकड़े को इस दलदल में गंवा दिया है।
सरकार और आप लीडरशिप पर बोला तीखा हमला
मौजूदा ‘आप’ सरकार और मुख्यमंत्री भगवंत मान पर सवाल उठाते हुए चौहान ने कहा कि सत्ता में आने से पहले इन्होंने कुछ ही महीनों में नशा जड़ से खत्म करने के बड़े-बड़े दावे किए थे, लेकिन आज हकीकत सबके सामने है। उन्होंने खुली चुनौती देते हुए कहा कि कार्यक्रम में भले ही बाधा डालने की कोशिशें की गई हों, लेकिन वे पंजाब आते रहेंगे और किसी में हिम्मत हो तो रोककर दिखाए।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की तर्ज पर पंजाब में भी कड़े और निर्णायक कदम उठाने की जरूरत है। इस दौरान पंजाब बीजेपी अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनप्रीत सिंह बादल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ और केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू समेत पार्टी के कई दिग्गज नेता मंच पर मौजूद रहे और उन्होंने भी युवाओं से इस मुहिम से जुड़ने की अपील की।
गांव-गांव जाकर जगाई जाएगी अलख
यह यात्रा सिर्फ राजनीतिक बयानबाजी तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे अफीम, चरस और विशेष तौर पर खतरनाक ‘चिट्टा’ के खिलाफ एक जन-आंदोलन का रूप दिया जा रहा है। शिवराज सिंह चौहान ने स्पष्ट किया कि बीजेपी कार्यकर्ता और नेता गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करेंगे और इस नासूर के खिलाफ समाज को एकजुट करेंगे।
कृषि मंत्री ने अपने इस दौरे के दौरान बठिंडा स्थित कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) का भी रुख किया, जहां उन्होंने स्थानीय किसानों और स्वयं-सहायता समूहों की महिलाओं से संवाद कर कृषि और ग्रामीण विकास के मुद्दों पर भी चर्चा की।
