जिला नगर योजनाकार की टीम ने छह दुकानों और एक मैरिज पैलेस को किया सील
जगमार्ग ब्यूरो नारनौल। जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) विभाग महेंद्रगढ़ ने मंगलवार को नारनौल शहर में अवैध रूप से बनाई गई छह दुकानों और एक मैरिज पैलेसे का सील कर दिया। इससे अवैध निर्माण करने वालों में हड़कंप मच गया। जिला नगर योजनाकार कार्यालय की टीम ने दोपहर बाद निजामपुर रोड पर यह अभियान चलाया। मौके पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट सतेंद्र कुमार, सहायक नगर योजनाकार कार्यालय के अधिकारी, पुलिस बल तथा जिला प्रशासन की टीम भी मौजूद रही। विभाग के अनुसार, संबंधित निर्माण बिना आवश्यक विभागीय अनुमति के किए गए थे।जिला नगर योजनाकार महेंद्रगढ़ स्थित नारनौल विशेष सिंह ने बताया कि नियंत्रित एवं शहरी क्षेत्रों में किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य विभागीय अनुमति के बिना नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि कृषि भूमि को आवासीय या व्यावसायिक उपयोग में परिवर्तित करने से पहले नगर एवं ग्राम आयोजना विभाग, हरियाणा से विधिवत लाइसेंस एवं अनुमति लेना अनिवार्य है।उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि किसी भी अवैध कॉलोनी में प्लॉट या संपत्ति खरीदने से पहले उसकी वैधता की जांच अवश्य करें। लोग जिला नगर योजनाकार कार्यालय, नारनौल से किसी भी कार्यदिवस में कॉलोनी की स्थिति और निर्माण संबंधी अनुमतियों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। डीटीपी ने स्पष्ट किया कि जिले में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों एवं अवैध निर्माणों के खिलाफ भविष्य में भी अभियान जारी रहेगा।
