Narnaul Antyodaya Mela: 26 जुलाई को नारनौल में लगेगा अंत्योदय मेला, प्रोफेसर बनेंगे अंत्योदय परिवारों के काउंसलर
26 जुलाई को नारनौल में लगेगा अंत्योदय मेला, प्रोफेसर बनेंगे अंत्योदय परिवारों के काउंसलर
Narnaul Antyodaya Mela: हरियाणा सरकार की अति-महत्वाकांक्षी योजना ‘मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना’ के तहत नारनौल में आगामी 26 जुलाई को एक विशाल मेले का आयोजन होने जा रहा है। लघु सचिवालय परिसर के समीप स्थित सभागार में सुबह 9 बजे से शुरू होने वाले इस मेले की सफलता के लिए जिला प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है।
तैयारियों की इसी कड़ी में बुधवार को डीआरडीए हॉल में एक विशेष प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न राजकीय व निजी महाविद्यालयों के सहायक प्रोफेसरों (असिस्टेंट प्रोफेसरों) को मेले की बारीकियों से रूबरू कराया गया।
फोन पर देंगे जानकारी, मौके पर करेंगे सही राह का चुनाव
प्रशिक्षण सत्र को संबोधित करते हुए जिला समाज कल्याण अधिकारी अमित शर्मा ने बताया कि यह पूरा आयोजन मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशों, उपायुक्त अनुपमा अंजलि के मार्गदर्शन और अतिरिक्त उपायुक्त तरुण कुमार पावरिया की सीधी देखरेख में संपन्न कराया जा रहा है।
प्रशिक्षण के दौरान उपस्थित प्राध्यापकों को विभागीय योजनाओं से जुड़ी संदर्भ पुस्तिकाएं व प्रासंगिक दस्तावेज सौंपे गए। अमित शर्मा ने स्पष्ट किया कि सभी सहायक प्रोफेसरों को पात्र लाभार्थियों की सूची सौंपी गई है। ये प्राध्यापक मेले से पहले लाभार्थियों को टेलीफोन कर न केवल मेले में आने के लिए प्रेरित करेंगे, बल्कि कार्यक्रम स्थल पर काउंसलर बनकर उन्हें अपनी योग्यता व रुचि के हिसाब से सही स्वरोजगार या कल्याणकारी योजना चुनने में मदद भी करेंगे।
एक ही छत के नीचे 19 विभागों के स्टॉल, तुरंत निपटाए जाएंगे आवेदन
प्रशासनिक आंकड़ों के मुताबिक, इस अंत्योदय मेले के जरिए नारनौल ब्लॉक के करीब 3,093 चिन्हित गरीब और अंत्योदय परिवारों को सीधा लाभ पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
लाभार्थियों को अलग-अलग दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें, इसके लिए मेले में एक ही छत के नीचे 19 सरकारी विभागों के अलग-अलग स्टॉल लगाए जाएंगे। बैंक ऋण, कौशल विकास, पशुपालन, कृषि और लघु उद्योग से जुड़ी योजनाओं के आवेदन मौके पर ही स्वीकार कर उन पर कागजी कार्रवाई पूरी की जाएगी।
यह भी पढ़ें– Hisar News: जन्नत बार में शॉर्ट सर्किट से भड़की आग, शीशे तोड़कर अंदर घुसे दमकलकर्मी
