Rajasthan Weater: राजस्थान में बारिश का कहर, हनुमानगढ़ में भारी बारिश के चलते स्कूल बंद, 11 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
राजस्थान में बारिश का कहर
Rajasthan Weater: राजस्थान में पिछले दो दिनों से मानसून पूरी तरह सक्रिय है। लगातार हो रही बारिश के बीच हनुमानगढ़ में रातभर हुई तेज बरसात के कारण गुरुवार (23 जुलाई) को सरकारी और निजी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। वहीं भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज राज्य के 11 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक पूरे प्रदेश में बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी। बुधवार को उदयपुर जिले के लसाड़िया और ब्यावर जिले के बदनोर में सबसे अधिक 225 मिमी यानी करीब 9 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई। लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव, बरसाती नदियों में तेज बहाव और खेतों में पानी भरने की स्थिति बन गई है।
हनुमानगढ़ में रातभर बारिश, कॉलोनियां जलमग्न
हनुमानगढ़ और आसपास के इलाकों में इस बार मानसून अब तक कमजोर बना हुआ था, लेकिन लंबे अंतराल के बाद बुधवार रात से बारिश का तेज दौर शुरू हुआ। रातभर हुई बारिश से शहर की कई कॉलोनियों और सड़कों पर पानी भर गया, जिससे लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियात के तौर पर सभी सरकारी और निजी स्कूलों में छुट्टी घोषित की है। लगातार बारिश को देखते हुए लोगों से जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने की अपील भी की गई है।
ब्यावर और उदयपुर में 9-9 इंच बारिश, खेत और नदियां लबालब
पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक बारिश ब्यावर के बदनोर में 225 मिमी दर्ज की गई। भारी बारिश के कारण खेतों में पानी भर गया और आसपास की बरसाती नदियों में तेज बहाव शुरू हो गया। उदयपुर जिले के लसाड़िया में भी लगभग 9 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा डूंगरपुर, बांसवाड़ा, जोधपुर, जैसलमेर, बीकानेर, भरतपुर, नागौर, बूंदी, अलवर और पाली के कई इलाकों में दो इंच तक बारिश दर्ज की गई।
उदयपुर और सलूंबर में लगातार बरसात
उदयपुर और सलूंबर जिलों में बुधवार से रुक-रुककर बारिश जारी है। सलूंबर के सेमारी और आसपास के क्षेत्रों में रातभर अच्छी बारिश हुई, जहां गुरुवार सुबह तक करीब दो इंच वर्षा रिकॉर्ड की गई। लगातार बारिश के बाद खरका नदी में पानी की आवक बढ़ गई है। जल संसाधन विभाग उदयपुर के अनुसार, बीते 24 घंटों में डाया और सोम पिकअप वियर रेनफॉल सेंटर पर तीन-तीन इंच बारिश दर्ज की गई, जबकि सलूंबर और कोटड़ा में करीब सवा-सवा इंच वर्षा रिकॉर्ड हुई।
मौसम विभाग ने बताया क्यों सक्रिय हुआ मानसून
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार, उत्तर-पूर्वी राजस्थान के ऊपर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण राज्य में मानसून की गतिविधियां मजबूत हुई हैं। इसी सिस्टम के प्रभाव से अगले दो दिन पूरे राजस्थान में बारिश होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि दक्षिणी राजस्थान के कई इलाकों में भारी से अतिभारी बारिश हो सकती है। वहीं 25 जुलाई के बाद पश्चिमी राजस्थान में बारिश की तीव्रता कुछ कम होने की संभावना है।
लगातार हो रही बारिश से खरीफ फसलों, विशेषकर बाजरा, मूंग, सोयाबीन और मक्का की खेती को नमी मिलेगी, जिससे किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है। दूसरी ओर, शहरों में जलभराव, फिसलन और यातायात प्रभावित होने जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। प्रशासन ने लोगों से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने, अनावश्यक यात्रा से बचने और तेज बहाव वाले नालों व बरसाती नदियों के पास नहीं जाने की अपील की है।
