July 29, 2026

Dhand News: ढांड में गुरु रविदास जी के जयकारों की गूंज, मूर्ति स्थापना पर निकली भव्य शोभायात्रा, उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

0
Dhand News: ढांड में गुरु रविदास जी के जयकारों की गूंज, मूर्ति स्थापना पर निकली भव्य शोभायात्रा, उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

गुरु रविदास जी के जयकारों से गूंजा ढांड, शोभायात्रा में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

Dhand News: नरेश ढांडा, ढांड। संत शिरोमणि गुरु रविदास सभा और समस्त ग्रामीण समाज के साझे सहयोग से मंगलवार को कस्बा ढांड में भक्ति और आस्था का अनूठा समागम देखने को मिला। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की मूर्ति स्थापना के ऐतिहासिक अवसर पर गांव में एक भव्य एवं विशाल शोभायात्रा निकाली गई। ढोल-नगाड़ों की थाप, गुरुवाणी के मधुर भजनों और जयकारों की गूंज के बीच निकली इस यात्रा में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया, जिससे पूरा इलाका भक्तिमय माहौल में सराबोर नजर आया।

शोभायात्रा का विधिवत शुभारंभ ढांड स्थित गुरु रविदास मंदिर परिसर से बाबा जसबीर दास जलमाणा के पावन सानिध्य में किया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं का विशाल जनसैलाब गुरु जी के भजनों पर झूमते-गाते हुए गांव की मुख्य गलियों और चौपालों से होकर आगे बढ़ा। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की उत्साही भागीदारी ने इस धार्मिक आयोजन को सामाजिक एकता का अनूठा रूप दे दिया।

विधि-विधान से हुई मूर्ति स्थापना, सुख-समृद्धि की मांगी दुआएं

गांव के मुख्य मार्गों से होती हुई शोभायात्रा पुनः मंदिर प्रांगण पहुंची, जहां भजन-कीर्तन के दौर के बाद धार्मिक रीति-रिवाजों और पूर्ण विधि-विधान के साथ गुरु रविदास जी की प्रतिमा स्थापित की गई। इस दौरान बाबा जसबीर दास जलमाणा ने गुरु महाराज के चरणों में अरदास लगाकर समस्त इलाके की सुख, शांति, समृद्धि और सामाजिक सौहार्द की कामना की। प्रतिमा की स्थापना होते ही पूरा मंदिर परिसर गुरु जी के जयकारों से गूंज उठा।

“गुरु जी की शिक्षाएं समानता और भाईचारे का मार्ग दिखाती हैं”

इस मौके पर संत शिरोमणि गुरु रविदास सभा के प्रधान कृष्ण लाल पठानिया ने गांववासियों को बधाई देते हुए कहा कि गुरु रविदास जी की मूर्ति स्थापना ढांड गांव के लिए अत्यंत गौरव और असीम आस्था का क्षण है। उन्होंने कहा कि गुरु जी ने समाज से ऊंच-नीच, जातिगत भेदभाव और संकीर्णता को मिटाकर प्रेम, समानता और मानवता का जो अमर संदेश दिया था, वह आज भी प्रासंगिक है और हमें सही मार्ग दिखाता है।

आज होगा विशाल भंडारा, क्षेत्रवासियों से प्रसाद ग्रहण की अपील

सभा प्रधान पठानिया ने बताया कि मूर्ति स्थापना की खुशी में मंगलवार रात्रि को विशेष सत्संग का आयोजन किया गया है, जबकि बुधवार को एक भव्य एवं विशाल भंडारे (लंगर) का आयोजन होगा। उन्होंने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं से अपील की कि वे बुधवार को मंदिर परिसर में पहुंचकर गुरु जी का आशीर्वाद प्राप्त करें और लंगर में प्रसाद ग्रहण करें।

इस अवसर पर सभा के उपप्रधान निर्मल पठानिया, सचिव रोहतास पठानिया, कैशियर नरेश पठानिया, कार्यकारिणी सदस्य संदीप, नवीन, बंटी, मिस्त्री, रविश सहित गांव के कई प्रबुद्ध व गणमान्य लोग प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें– कैथल में हैवानियत की कोशिश, घर में अकेली विधवा महिला से पड़ोसी ने किया दुष्कर्म का प्रयास

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed