Fatehabad News: फतेहाबाद में ACB का बड़ा एक्शन, भट्टू थाने का SI रामपाल 20 हजार की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार
कोर्ट के बाहर बिरयानी खाते-खाते पकड़ा गया रिश्वतखोर दारोगा, गवाही के बदले मांगे थे पैसे
Fatehabad News: फतेहाबाद जिले में भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के दावों के बीच खाकी एक बार फिर दागदार हुई है। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने मंगलवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए भट्टू थाना में तैनात सब इंस्पेक्टर (SI) रामपाल को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। हैरत की बात यह रही कि आरोपी दारोगा कोर्ट परिसर के बाहर बड़े आराम से बिरयानी का स्वाद ले रहा था, तभी रिश्वत के रुपये हाथ में लेते ही एसीबी की टीम ने उसे धर दबोचा।
पूरा मामला एक अदालती मुकदमे में गवाही से जुड़ा हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार, गांव दहमन के रहने वाले सुरेश कुमार का एक मामला अदालत में विचाराधीन है। इस केस में भट्टू थाने के सब इंस्पेक्टर रामपाल की मुख्य गवाही होनी थी। आरोप है कि केस में शिकायतकर्ता के पक्ष में बयान दर्ज कराने के एवज में दारोगा रामपाल ने 30 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। बाद में दोनों पक्षों के बीच 20 हजार रुपये में बात तय हो गई।
बिरयानी के ठेले पर बिछाया गया जाल
रिश्वत की मांग से परेशान शिकायतकर्ता सुरेश कुमार ने इसकी लिखित शिकायत एसीबी (ACB) फतेहाबाद से की। शिकायत की प्राथमिक जांच के बाद एसीबी टीम के इंस्पेक्टर मनमोहन के नेतृत्व में एक विशेष ट्रैपिंग टीम का गठन किया गया। योजना के मुताबिक, शिकायतकर्ता ने एसआई रामपाल को पैसे देने के लिए कोर्ट परिसर के बाहर बुलाया।
दोपहर के समय जब दारोगा रामपाल कोर्ट परिसर के बाहर स्थित एक ठेले पर बिरयानी खा रहा था, तभी शिकायतकर्ता ने जैसे ही उसे केमिकल लगे 20 हजार रुपये सौंपे, आसपास सादे कपड़ों में मुस्तैद एसीबी की टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। हाथ धुलवाने पर रंग लाल होते ही दारोगा की करतूत उजागर हो गई।
दो महीने के भीतर भट्टू थाने में दूसरी बड़ी कार्रवाई
एसीबी इंस्पेक्टर मनमोहन ने बताया कि आरोपी सब इंस्पेक्टर को गिरफ्तार कर एसीबी थाने ले जाया गया है, जहां उससे गहन पूछताछ की जा रही है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (Prevention of Corruption Act) के तहत मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
गौर करने वाली बात यह है कि भट्टू थाना पिछले कुछ समय से लगातार विवादों में रहा है। महज दो महीने पहले, जून महीने में भी इसी थाने में तैनात महिला एएसआई (ASI) तलविंद्र कौर को एसीबी ने 35 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया था। उस बड़ी कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में बड़े पैमाने पर फेरबदल और तबादले भी हुए थे, लेकिन इसके बावजूद रिश्वतखोरी के इस ढर्रे पर लगाम लगती नजर नहीं आ रही है।
यह भी पढ़ें– कैथल में नशा तस्करों पर बड़ा प्रहार, सिरटा रोड पर 3 तस्करों के मकानों पर चला पुलिस का बुलडोजर
