July 2, 2026

Yamunanagar News: यमुनानगर में ओवरलोड माफिया की गुंडागर्दी, चेकिंग टीम के अधिकारियों को ट्रक से कुचलने का प्रयास

0
Yamunanagar News: यमुनानगर में ओवरलोड माफिया की गुंडागर्दी, चेकिंग टीम के अधिकारियों को ट्रक से कुचलने का प्रयास

रादौर नाके पर चेकिंग के दौरान सरकारी अमले पर जानलेवा हमला

Yamunanagar News: यमुनानगर के रादौर इलाके से कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाने वाली एक बेहद हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां ओवरलोड वाहनों की धरपकड़ करने उतरी जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (Public Health) की टीम पर एक बेखौफ ट्रक ड्राइवर ने जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि जब अधिकारियों ने नियमों का उल्लंघन करने पर ट्रक को जब्त कर थाने ले जाने का प्रयास किया, तो ड्राइवर ने ऑन-ड्यूटी सरकारी कर्मचारियों और पुलिसकर्मियों को कुचलने की नीयत से ट्रक दौड़ा दिया। इस जानलेवा हमले के बाद आरोपी चालक भारी-भरकम ट्रक को हवा की रफ्तार से भगाकर रफूचक्कर हो गया।

नाके पर पकड़ा गया था ओवरलोडेड ट्रक

रादौर थाना पुलिस को दी गई आधिकारिक शिकायत में पब्लिक हेल्थ इंजीनियरिंग विभाग (सब डिवीजन रादौर) के एसडीई रवि नायक ने पूरी आपबीती बयां की है। उन्होंने बताया कि रादौर नाके पर एडीओ शुभम की देखरेख में मोबाइल टीम आने-जाने वाले वाहनों की नियमित जांच कर रही थी। इसी बीच एक संदिग्ध ट्रक को रुकवाया गया, जिसकी सघन जांच करने पर पता चला कि उसमें निर्धारित क्षमता से कहीं ज्यादा माल लादा गया था। इसके बाद टीम ने नियमानुसार कार्रवाई का मन बनाया।

रास्ते में बदला ड्राइवर का इरादा, पुलिसकर्मियों को भी नहीं बख्शा

विभाग के मुताबिक, जब ट्रक के खिलाफ कानूनी कागजी कार्रवाई के लिए उसे रादौर पुलिस थाने ले जाया जाने लगा, तब नाका टीम के पुलिसकर्मी बलराम सिंह और मोबाइल टीम के अन्य कर्मचारी भी मुस्तैदी से साथ चल रहे थे। लेकिन रास्ते में अचानक ड्राइवर ने पैंतरा बदला और ट्रक को भगाने का प्रयास करने लगा। जब अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने उसे रोकने की कोशिश की, तो उसने आव देखा न ताव, तेज गति और घोर लापरवाही से वाहन चलाते हुए सीधे अधिकारियों की तरफ मोड़ दिया। गनीमत रही कि मुस्तैद कर्मचारियों ने समय रहते एक तरफ कूदकर अपनी जान बचाई।

पुलिस ने दर्ज किया संगीन धाराओं में मुकदमा, धरपकड़ तेज

ड्राइवर की इस दुस्साहसिक हरकत से मौके पर हड़कंप मच गया और सरकारी कर्मचारियों की जान पर बन आई। घटना के तुरंत बाद एसडीई रवि नायक ने रादौर थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसमें आरोपी ड्राइवर और ट्रक मालिक दोनों के खिलाफ सख्त से सख्त सजा की मांग की गई है।

रादौर थाना प्रभारी राजेश कुमार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने, लोक सेवक पर आपराधिक बल का प्रयोग करने और जान जोखिम में डालने जैसी गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा कायम कर पुलिस की कई टीमें अब उसकी धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

यी भी पढ़ें; डायल 112 की टीम पर हमला, आरोपी ने पथराव कर तोड़े गाड़ी के शीशे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *