July 2, 2026

Haryana police attacked: पीरगढ़ी में मां को बचाने गई डायल 112 की टीम पर हमला, आरोपी ने पथराव कर तोड़े गाड़ी के शीशे

0
Haryana police attacked: पीरगढ़ी में मां को बचाने गई डायल 112 की टीम पर हमला, आरोपी ने पथराव कर तोड़े गाड़ी के शीशे

डायल 112 की टीम पर हमला, आरोपी ने पथराव कर तोड़े गाड़ी के शीशे

Haryana police attacked गन्नौर। कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए अपराधियों और उपद्रवियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब वे मददगार बनकर आने वाली पुलिस को भी निशाना बनाने से नहीं चूक रहे। ऐसा ही एक सनसनीखेज मामला पीरगढ़ी गांव से सामने आया है, जहां मां-बेटे के बीच चल रहे झगड़े को शांत कराने पहुंची ‘डायल-112’ की टीम पर आरोपी युवक ने जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने न केवल ड्यूटी पर तैनात जवानों के साथ हाथापाई और गाली-गलौज की, बल्कि वापस लौटते समय पुलिस की सरकारी ईआरवी (इमरजेंसी रिस्पॉन्स व्हीकल) पर पत्थरों की बरसात कर दी।

पंचकूला हेडक्वार्टर से आई थी मां की प्रताड़ना की कॉल

पुलिस को दी गई आधिकारिक शिकायत में ईआरवी गाड़ी के चालक सिपाही सतनाम ने बताया कि वह 28 जून की रात अपनी टीम के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान रात के वक्त डायल-112 हेडक्वार्टर पंचकूला से एक इमरजेंसी कॉल आई, जिसमें पीरगढ़ी की रहने वाली बिमला नामक महिला ने रोते हुए शिकायत की थी कि उसका बेटा नरेंद्र उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम बिना वक्त गंवाए मौके पर पहुंची और नरेंद्र को समझा-बुझाकर मामला शांत कराने की कोशिश करने लगी।

समझाने गए तो पुलिस से ही भिड़ गया आरोपी, बरसाए ईंट-पत्थर

सिपाही सतनाम के मुताबिक, पुलिस की नसीहतें सुनने के बजाय नरेंद्र का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया। उसने पुलिसकर्मियों का रास्ता रोक लिया और उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए वर्दी पर हाथ डाल दिया। बात यहीं खत्म नहीं हुई; जब माहौल बिगड़ता देख पुलिस टीम गांव से वापस मुख्य सड़क की तरफ लौटने लगी, तो नरेंद्र ने पीछे से सरकारी गाड़ी को निशाना बनाकर भारी पथराव शुरू कर दिया। पत्थरों की चोट से सरकारी वाहन के आगे और पीछे के शीशे बुरी तरह टूट गए।

बाल-बाल बची जान, अंधेरे का फायदा उठाकर भागा नरेंद्र

गाड़ी क्षतिग्रस्त होने के बाद जैसे ही पुलिसकर्मी नीचे उतरे, आरोपी ने सीधे उनकी तरफ भी पत्थर उछाले, जिसमें वे बाल-बाल बच गए। मुस्तैदी दिखाते हुए जवानों ने नरेंद्र को दबोचने का प्रयास किया, लेकिन रात के घनघोर अंधेरे और गलियों का फायदा उठाकर वह पुलिस को जान से मारने की सीधी धमकी देता हुआ रफूचक्कर हो गया। स्थानीय थाने ने सिपाही सतनाम की शिकायत पर आरोपी नरेंद्र के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, लोकसेवक पर हमला करने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

यी भी पढ़ें; कैथल में चुनावी ड्यूटी में लापरवाही पर बड़ा एक्शन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *