July 13, 2026

Rewari Accident: रेवाड़ी धारूहेड़ा हाईवे पर कैंटर बना आग का गोला, दमकल विभाग ने एक घंटे की मशक्कत के बाद बुझाई लपटें

0
Rewari Accident: रेवाड़ी धारूहेड़ा हाईवे पर कैंटर बना आग का गोला, दमकल विभाग ने एक घंटे की मशक्कत के बाद बुझाई लपटें

रेवाड़ी धारूहेड़ा हाईवे पर कैंटर बना आग का गोला

Rewari Accident: रेवाड़ी के धारूहेड़ा में दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसा देखने को मिला, जहां एक तेज रफ्तार कैंटर आगे चल रहे डंपर से जा टकराया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दुर्घटना के चंद पलों के भीतर ही कैंटर के इंजन से उठी चिंगारी ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया. देखते ही देखते कैंटर बीच सड़क पर धूं-धूं कर जलने लगा. इस खौफनाक मंजर को देखकर हाईवे से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों और राहगीरों में हड़कंप मच गया. राहत की बात यह रही कि हादसे के तुरंत बाद कैंटर का चालक सूझबूझ दिखाते हुए सुरक्षित बाहर कूद गया, जिससे उसकी जान बच गई.

एक घंटे तक मची रही अफरा-तफरी, दमकल विभाग ने पाया आग पर काबू

यह हादसा सुबह करीब पौने सात बजे धारूहेड़ा में सावरियां होटल के ठीक सामने पेश आया. चश्मदीदों के मुताबिक, कैंटर में परचून का सूखा सामान और दवाइयां लदी हुई थीं, जिसके कारण आग ने बेहद तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया. स्थानीय लोगों की सूचना पर धारूहेड़ा सेक्टर-6 थाना पुलिस और दमकल विभाग की गाड़ियां तुरंत घटना स्थल पर पहुंचीं. फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने करीब एक घंटे की भारी मशक्कत के बाद लपटों पर काबू पाया. हालांकि, जब तक आग बुझाई जाती, तब तक कैंटर और उसमें रखा लाखों रुपये का कीमती सामान पूरी तरह जलकर कोयला हो चुका था.

सुरक्षा के लिहाज से रोकना पड़ा ट्रैफिक, एहतियातन मौके पर खड़ी रही दमकल की गाड़ी

हादसे की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और हाईवे पर एक तरफ के ट्रैफिक को पूरी तरह रोक दिया ताकि कोई और वाहन इसकी चपेट में न आए. स्थिति सामान्य होने और आग बुझने के बाद ही धारूहेड़ा सेक्टर-6 थाना पुलिस ने रूट को साफ कराकर वाहनों को सुरक्षित आगे रवाना किया. दमकलकर्मी धीरज कुमार ने बताया कि उन्हें सुबह 6:50 बजे आग की सूचना मिली थी. कैंटर में पानी डाल दिए जाने के बाद भी मलबे के अंदर से कहीं-कहीं धुआं उठ रहा था, जिसे देखते हुए एहतियात के तौर पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी को काफी देर तक मौके पर ही तैनात रखा गया.

पुलिस को लिखित शिकायत का इंतजार, जांच के बाद होगी कार्रवाई

इस पूरे घटनाक्रम पर धारूहेड़ा सेक्टर-6 थाना प्रभारी सचिन कुंडू ने बताया कि आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया है और कैंटर चालक पूरी तरह महफूज है. दुर्घटनाग्रस्त दोनों ही वाहन दिल्ली से जयपुर की तरफ जा रहे थे, तभी यह टक्कर हुई. थाना प्रभारी के मुताबिक, फिलहाल इस मामले में कैंटर मालिक या चालक की तरफ से पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं सौंपी गई है. पुलिस को जैसे ही मामले की औपचारिक शिकायत मिलती है, दुर्घटना के कारणों की जांच कर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.

यह भी पढ़ें–कुरुक्षेत्र में तेज रफ्तार कार ने बुजुर्ग को कुचला

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed