Gurugram News: गुरुग्राम में सॉफ्टवेयर इंजीनियर लड़की का मर्डर, कातिल बॉयफ्रेंड ने रेलवे ट्रैक पर किया सुसाइड
पहले गर्लफ्रेंड को उतारा मौत के घाट, फिर भिलाई के सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने खुद के किए दो टुकड़े
Gurugram News: की चकाचौंध के बीच रिश्तों के कत्ल और खुदकुशी की एक ऐसी दास्तान सामने आई है जिसने पेशेवर युवाओं की मानसिक स्थिति और आपसी तनाव को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस रूह कंपा देने वाली घटना का खुलासा रविवार को तब हुआ, जब उत्तर प्रदेश की रहने वाली इशाका के परिजनों ने उसे लगातार कई फोन किए।
जब कई घंटों तक दूसरी तरफ से कोई जवाब नहीं मिला, तो अनहोनी की आशंका में परेशान परिवार ने सीधे गुरुग्राम की सेक्टर-56 थाना पुलिस से संपर्क कर मदद मांगी। सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम सेक्टर-55 स्थित उस मकान पर पहुंची, जहां इशाका किराए पर रहती थी।
कमरे का मुख्य दरवाजा अंदर से लॉक था। पुलिस ने जब आसपास के लोगों से पूछताछ की तो किसी को भी अनहोनी की भनक तक नहीं थी। आखिरकार जब पुलिस दरवाजा तोड़कर भीतर दाखिल हुई, तो सामने का मंजर बेहद खौफनाक था। फर्श पर चारों तरफ खून पसरा हुआ था और बीच में इशाका का लहूलुहान शव पड़ा था। उसे बेरहमी से चाकू से गोदा गया था।
हत्या के बाद रेलवे ट्रैक का रुख, दो हिस्सों में मिला कातिल का शव
पुलिस अभी इस कत्ल की गुत्थी सुलझाने और हमलावर की शिनाख्त करने की कोशिश ही कर रही थी कि इसी बीच राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) से एक और चौंकाने वाली सूचना मिली।
पता चला कि गुरुग्राम में ही रेलवे ट्रैक पर एक 25 वर्षीय युवक का शव मिला है, जो ट्रेन की चपेट में आने से दो हिस्सों में कट चुका था। जेब से मिले दस्तावेजों के आधार पर उसकी पहचान छत्तीसगढ़ के भिलाई (जिला दुर्ग) निवासी श्रेष्ठ मलिक के रूप में हुई।
कड़ियों को जोड़ने पर चौंकाने वाला सच सामने आया। पुलिस तफ्तीश के मुताबिक, श्रेष्ठ मलिक और इशाका दोनों सॉफ्टवेयर इंजीनियर थे और एक-दूसरे को अच्छी तरह जानते थे।
वारदात वाले दिन श्रेष्ठ इशाका के कमरे पर आया था। पुलिस का अनुमान है कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हुई, जिसके बाद आपा खोकर श्रेष्ठ ने चाकू से गोदकर इशाका को मौत के घाट उतार दिया। इस जघन्य अपराध को अंजाम देने के बाद वह सीधे रेलवे ट्रैक पर गया और वहां ट्रेन के आगे कूदकर खुदकुशी कर ली।
तफ्तीश में जुटी पुलिस, कॉल डिटेल्स खंगालने की तैयारी
सेक्टर-56 थाना के एसएचओ मनोज कुमार ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवा दिया गया है और उत्तर प्रदेश व छत्तीसगढ़ में रह रहे दोनों के परिवारों को इस त्रासदी की सूचना दे दी गई है। उन्होंने कहा, “हम हर संभावित पहलू से मामले की बारीकी से जांच कर रहे हैं।
वारदात की असली वजह क्या थी, दोनों के बीच रिश्ता किस मोड़ पर था और यह अचानक हुआ हमला था या सोची-समझी साजिश, यह परिजनों के बयान और तकनीकी जांच के बाद ही साफ हो पाएगा।” फिलहाल पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और दोनों के मोबाइल फोन जब्त कर उनकी आखिरी बातचीत और चैट हिस्ट्री (CDR) का सुराग लगाने की कोशिश कर रही है।
यह भी पढ़ें– Mahendragarh News: गर्मी में कंबल और सर्दी में बर्फ की सिल्ली! महेंद्रगढ़ के संतलाल के दावे ने सबको चौंकाया
