College Guard Viral: मजबूरी की दास्तान, जिस कॉलेज में लेना था दाखिला, आज उसी के गेट पर गार्ड की नौकरी कर रहा यह युवा
घर के हालात ने छीनी बीटेक की पढ़ाई
College Guard Viral: जिस कॉलेज में पढ़कर बेहतर भविष्य बनाने का सपना देखा था, आज उसी कॉलेज में सुरक्षा गार्ड की नौकरी करना एक युवक की मजबूरी बन गई। आर्थिक तंगी के कारण उसकी पढ़ाई अधूरी रह गई, लेकिन थी्रडी डिजाइनिंग व गेम डिजाइनिंग के प्रति उसका जुनून आज भी कायम है। युवक की कहानी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है और लोगों को भावुक कर रही है।
इंस्टाग्राम अकाउंट से साझा किए गए वीडियो में कंटेंट किएटर साहिल कॉलेज के सुरक्षा गार्ड से बातचीत करते है। वीडियो के साथ लिखा गया में उसी कॉलेज में पढऩे के लिए गया लेकिन घर की मजबूरियों ने आज वहीं गार्ड की नौकरी कर रहे है।
आर्थिक तंगी ने अधूरा छोड़ दिया सपना
बातचीत में युवक बताता है कि वह कभी इसी कॉलेज में छात्र बनकर पढ़ाई करना चाहता था। उसका सपना था कि वह अच्छी शिक्षा हासिल कर तकनीकी क्षेत्र में करियर बनाए और परिवार की आर्थिक स्थिति बदले। वह बीटेक में दाखिला लेना चाहता था लेकिन घर की खराब आर्थिक स्थिति व बढ़ती जिम्मेदारियों के कारण उसे पढ़ाई बीच में ही छोडऩी पड़ी।
युवक ने बताया कि उसकी रुचि हमेशा 3डी एनिमेशन और गेम डिजाइनिंग में रही। वह इस क्षेत्र में बीएससी करना चाहता था लेकिन हालात ने उसका सपना अधूरा छोड़ दिया। हालांकि उसने सीखना नहीं छोड़ा। उसने खुद से 3डी स्टूडियो मैक्स, सिनेमा 4डी और जेडब्रश जैसे प्रोफेशनल सॉफ्टवेयर सीख लिए। उसका कहना है कि यदि मौका मिला तो वह आज भी इसी क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहता है।
छात्रों का सम्मान और हौसला देता है आगे बढऩे की ताकत
सुरक्षा गार्ड का कहना है कि जब वह कॉलेज के छात्रों को पढ़ाई करते और आगे बढ़ते देखता है तो उसे अपना अधूरा सपना याद आ जाता है। कई बार गार्ड की वर्दी में खुद को देखकर मन भारी हो जाता है। हालांकि छात्रों का सम्मान और उनका उत्साहवर्धन उसे नई उम्मीद देता है। खासकर लॉ के छात्र उसे लगातार अपने हुनर को न छोडऩे और आगे बढऩे की सलाह देते हैं।
युवक का कहना है कि मेहनत के साथ किस्मत का साथ भी जरूरी होता है। उसने पूरी कोशिश की, लेकिन परिस्थितियां उसके पक्ष में नहीं रही। इसके बावजूद उसने परिवार की जिम्मेदारियों को निभाने के लिए जो काम मिला उसे पूरी ईमानदारी से स्वीकार किया। सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो पर लोग उसके जज्बे और संघर्ष की जमकर सराहना कर रहे है।
