July 23, 2026

Bhiwani News: भिवानी में बिजली-पानी पर फूटा गुस्सा, सर्कुलर रोड पर जनता ने लगाया जाम, रातभर बत्ती गुल रहने से बेहाल हैं लोग

0
Bhiwani News: भिवानी में बिजली-पानी पर फूटा गुस्सा, सर्कुलर रोड पर जनता ने लगाया जाम, रातभर बत्ती गुल रहने से बेहाल हैं लोग

भिवानी में रात 10 से सुबह 3 बजे तक कट रही लाइट, भड़के लोगों ने दी मंत्री राजेश नागर के घेराव की चेतावनी

Bhiwani News: हरियाणा में पड़ रही चिलचिलाती गर्मी के बीच शहर में मूलभूत सुविधाओं को लेकर त्राहि-त्राहि मची हुई है। अघोषित बिजली कटौती और पीने के पानी की किल्लत से आजिज आकर रविवार को सर्कुलर रोड इलाके के लोग सड़कों पर उतर आए।

गुस्साए पुरुषों और महिलाओं ने हनुमान ढाणी चौक व हनुमान गेट चौक पर पूरी तरह चक्का जाम कर दिया, जिससे वाहनों के पहिए थम गए और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रदर्शन कर रहे लोगों का साफ कहना है कि कई दिनों से लग रहे लंबे-लंबे पावर कट ने बच्चों और बुजुर्गों का जीना मुहाल कर रखा है, ऊपर से कई-कई दिनों तक नलों में पानी न आने से बूंद-बूंद के लिए तरसना पड़ रहा है।

“रात 10 से सुबह 3 बजे तक गुल रहती है बत्ती”— पार्षद ने खोली विभाग की पोल

Bhiwani News: भिवानी में बिजली-पानी पर फूटा गुस्सा, सर्कुलर रोड पर जनता ने लगाया जाम, रातभर बत्ती गुल रहने से बेहाल हैं लोग
भिवानी में रात 10 से सुबह 3 बजे तक कट रही लाइट, भड़के लोगों ने दी मंत्री राजेश नागर के घेराव की चेतावनी

इस जन-आक्रोश का समर्थन करने पहुंचे वार्ड नंबर 25 के पार्षद विनोद प्रजापति ने बिजली निगम की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली विभाग के अधिकारियों ने पतराम गेट और हालु बाजार के बीच का एक विशेष एरिया चिह्नित कर रखा है, जहां रोजाना रात को 10 बजे लाइट काट दी जाती है, जो फिर सीधे सुबह 3 बजे आती है।

प्रजापति ने कहा, “इस उमस भरी गर्मी में लोग रात भर सो नहीं पा रहे हैं और बैठकर रात काटते हैं। हमने 15-20 दिन पहले समाधान शिविर में भी ऑनलाइन और ऑफलाइन शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन अफसरों के कान पर जूं तक नहीं रेंगी। ऐसे में मजबूर होकर जनता को यह कदम उठाना पड़ा है।”

गंदे पानी की सप्लाई से बीमारी का खतरा, मंत्री राजेश नागर के घेराव की चेतावनी

जाम स्थल पर मौजूद महिलाओं ने शिकायत की कि घरों में जो पानी आ भी रहा है, वह इतना गंदा और बदबूदार है कि उसे पिया नहीं जा सकता। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन को दोटूक लहजे में चेतावनी दी है कि यदि अघोषित कटों का यह सिलसिला तुरंत बंद नहीं हुआ, तो भिवानी आगमन पर राज्य के मंत्री राजेश नागर का डटकर घेराव किया जाएगा और इस लापरवाही का हिसाब मांगा जाएगा। जनता के इस तीखे तेवर को देखकर प्रशासनिक हलके में भी हड़कंप मच गया।

मौके पर पहुंचे बिजली विभाग के अफसर, आश्वासन के बाद खुला जाम

सर्कुलर रोड पर भारी जाम और हंगामे की सूचना मिलते ही बिजली निगम के आला अधिकारी और स्थानीय पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों और पार्षद विनोद प्रजापति से लंबी बातचीत की।

विभाग के अफसरों ने माना कि तकनीकी दिक्कतों के कारण परेशानी हुई है और उन्होंने जनता को भरोसा दिया कि अगले दो से ढाई घंटे के भीतर बिजली-पानी की व्यवस्था दुरुस्त कर दी जाएगी और अब रात के समय कोई कट नहीं लगाया जाएगा। अधिकारियों के इस लिखित व मौखिक आश्वासन के बाद लोगों ने शांत होकर जाम खोला, जिसके बाद पुलिस ने यातायात को सुचारू कराया।

यह भी पढ़ें– Aniruddhacharya Viral: अनिरुद्धाचार्य के दरबार में पहुंचे हरियाणवी ताऊ, ‘आई लव यू’ बोलने की सलाह पर दिया ऐसा जवाब कि हंस पड़े सभी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed